RCB Victory Parade: आईपीएल के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हराकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। गुजरात को हराने के साथ आरसीबी की टीम अब उन चुनिंदा फ्रेंचाइजियों में शामिल हो गई है जिन्होंने लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के नाम पर था। अब आरसीबी बैक टू बैक चैंपियन बनने वाली आईपीएल की तीसरी टीम बन गई है। आरसीबी की इस जीत के बाद से फैंस जश्न में डूबे हुए हैं। वहीं फैंस के मन में ये सवाल है कि क्या पिछली बार की तरह इस बार भी बेंगलुरु में विक्ट्री परेड का आयोजन होगा। वहीं आरसीबी ने इस पर बड़ा अपडेट दिया है।
टीम की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जीत का जश्न केवल खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों तक ही सीमित रह सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरसीबी की टीम अभी अहमदाबाद में ही रुकी हुई है और सोमवार को बेंगलुरु जाने का कोई तय कार्यक्रम नहीं है।
पिछले साल हुई विक्ट्री परेड के बाद हुई दर्दनाक घटना को देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी जीत के बाद फैंस के लिए एक खास संदेश जारी किया। बता दें पिछले साल आरसीबी की जीत के बाद 4 जून को आयोजित विक्ट्री परेड में 11 लोगों की जान चली गई थी। फाइनल जीतने के बाद टीम ने सोशल मीडिया के जरिए समर्थकों से शांति और जिम्मेदारी के साथ खुशी मनाने की अपील की। आरसीबी ने अपने बयान में कहा गया, "क्या शानदार रात थी, क्या शानदार एहसास था। आरसीबी परिवार के हर सदस्य को बधाई। यह जीत आप सभी की है। जैसे-जैसे जश्न शुरू हो रहा है, आइए इसे जिम्मेदारी के साथ मनाएं। अपने परिवार और प्रियजनों के साथ इस खास पल का आनंद लें, खूबसूरत यादों को दोबारा जीएं और घर पर रहकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाएं।"
बयान में आगे कहा गया, "हम अगले साल फिर स्टेडियम में आपसे मुलाकात करेंगे, 12th मैन आर्मी। तब तक खुशियां बांटते रहें और इसी तरह टीम का समर्थन करते रहें।"
कैसा था आरसीबी और गुजरात का मुकाबला
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात दी है। मुकाबले में रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। आरबीसी की टीम ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए गुजरात की पूरी टीम को 20 ओवर में 155 रन पर रोक दिया। वहीं टारगेट का पीछा करने आई आरसीबी की टीम 18 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया। मुकाबले में विराट कोहली 42 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली है