आईपीएल 2026 के 44वां मुकाबला 5-5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबले की शुरुआत शाम 7:30 बजे चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में होगा। वहीं आज 2 मई को खेले जाने वाले इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की उपलब्धता को लेकर बनी हुई है। फैंस दोनों खिलाड़ियों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं मुकाबले से पहले दोनों टीमों के कोचों ने अपने स्टार खिलाड़ियों की फिटनेस और खेलने को लेकर अहम जानकारी शेयर की है।
रोहित इस सीजन में अब तक सिर्फ चार मैच खेल पाए हैं और चोट की वजह से पिछले चार मुकाबले मिस कर चुके हैं। वहीं धोनी सीजन शुरू होने से पहले पिंडली की चोट के कारण तीन हफ्तों से बाहर हैं।
क्या आज का मुकाबला खेलेंगे रोहित
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने बताया कि टीम के ओपनर रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोहित के खेलने को लेकर अंतिम फैसला टीम के मेडिकल स्टाफ को करना है। शुक्रवार को रोहित ने चेन्नई में नेट्स पर बल्लेबाजी प्रैक्टिस भी की। महेला जयवर्धने ने कहा, "रोहित की रिकवरी में अच्छी प्रगति हुई है। वह वापसी के लिए काफी मेहनत कर रहा है। मेडिकल टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम रोज देखते हैं कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं और अगले दिन उनकी हालत कैसी रहती है। आज भी हम उन्हें अभ्यास करते हुए देखेंगे। इसके बाद मेडिकल टीम की सलाह के आधार पर फैसला लिया जाएगा कि वह अगले मैच के लिए तैयार हैं या नहीं।"
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बताया कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पिंडली की चोट में अच्छी रिकवरी हो रही है और वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। माइकल हसी ने कहा, "उम्मीद है कि वह जल्द ही वापसी करेंगे। मुझे नहीं पता कि वह कल खेलेंगे या अगले मैच में, लेकिन उनकी रिकवरी काफी अच्छी चल रही है। वह अपनी रनिंग स्पीड पर मेहनत कर रहे हैं और शायद यही एक चीज थी जो उन्हें रोक रही थी। उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग स्किल को लेकर हमें पूरा भरोसा है।"
हसी ने साफ कहा कि खेलने का अंतिम फैसला खुद धोनी ही लेंगे। उन्होंने कहा, "जैसे ही धोनी को अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा महसूस होगा, वह खुद संकेत दे देंगे कि वह खेलने के लिए तैयार हैं। फिलहाल हम उनके फैसले का इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरी चेन्नई भी उनकी वापसी का इंतजार कर रही है।"