Jay Shah: जय शाह दूसरी बार बने ICC चेयरमैन! अब 2028 ओलंपिक पर रहेगी भारत की खास नजर, 2030 तक संभालेंगे कमान

Jay Shah: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने की घोषणा की। उनका पहला तीन साल का कार्यकाल अगले साल खत्म होने वाला था। बोर्ड ने काम में निरंतरता बनाए रखने के लिए उन्हें एक और कार्यकाल दिया है

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 11:47 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jay Shah: जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए ICC चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है

Jay Shah: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार (16 नवंबर) को घोषणा की है कि जय शाह को दो साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से निर्विरोध चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आईसीसी ने कहा कि इससे खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता सुनिश्चित होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव रह चुके 38 वर्षीय शाह ने दिसंबर 2024 में आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्हें बाली में रविवार को समाप्त हुई वैश्विक संस्था की बोर्ड बैठकों के दौरान दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया गया।

ICC ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के विश्वास को दर्शाता है और खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता सुनिश्चित करता है। वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और व्यावसायिक विकास हमारी रणनीतिक योजना के प्रमुख केंद्र में हैं।" क्रिकेट 2028 में लॉस एंजिलिस खेलों के जरिए ओलंपिक में वापसी की तैयारी भी कर रहा है।

शाह ने ICC की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा, "आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर भरोसे और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूं।" उन्होंने कहा, "ICC अध्यक्ष के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हूं।"


2028 ओलंपिक पर रहेगी खास नजर

जय शाह के दूसरे कार्यकाल के दौरान क्रिकेट के लिए कई बड़े मौके आने वाले हैं। इनमें सबसे अहम 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी है। लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनने जा रहा है। ऐसे में ICC का मानना है कि इससे दुनियाभर में क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा ICC ने अपनी भविष्य की प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम को भी विस्तार दिया है। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा देशों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भागीदारी का अवसर देना और खेल के विकास के लिए नए रास्ते तैयार करना है।

महिला क्रिकेट और एसोसिएट देशों पर भी फोकस

ICC बोर्ड ने क्रिकेट की बेसिक स्ट्रक्चर को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। इसमें महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और एसोसिएट देशों को लगातार समर्थन देना शामिल है। जय शाह ने कहा कि क्रिकेट का भविष्य सिर्फ बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि खेल को टिकाऊ और मजबूत बनाना भी जरूरी है।

जय शाह ने अपनी पुनर्नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा, "ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। ICC चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"

उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण अवसरों में से एक है। इससे क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का मौका मिलेगा।

2035 तक के ICC टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी

ICC ने रविवार को 2035 तक होने वाले मल्टी-टीम टूर्नामेंटों की तारीखों और मेजबानी को लेकर भी जानकारी दी थी। इसके तहत भारत को 2029 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करनी है। वहीं, 2031 में भारत और बांग्लादेश जॉइंट रूप से वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। जय शाह के दूसरे कार्यकाल को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब क्रिकेट तेजी से वैश्विक विस्तार की ओर बढ़ रहा है। ओलंपिक में वापसी, नए टूर्नामेंट और महिला क्रिकेट के विकास जैसी चुनौतियां और अवसर उनके सामने होंगे। अब देखना होगा कि 2030 तक उनके नेतृत्व में ICC क्रिकेट को ग्लोबल लेवल पर किस नई ऊंचाई तक पहुंचा पाता है।

ये भी पढ़ें- Ayodhya-Janakpur Train: अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलेगी सीधी ट्रेन, 23 नवंबर को PM मोदी-बालेंद्र शाह करेंगे उद्घाटन

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।