KL Rahul: भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच आज से मैनचेस्टर में शुरू हो गया है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा है। बल्लेबाजी के लिए उतरें केएल राहुल ने इस मैच में एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर लिया हैं। राहुल इंग्लैंड की धरती पर एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर 1000 टेस्ट रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस मैच में 28 रन बनाने के साथ ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। राहुल से पहले यह मुकाम हासिल करने वाले बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। बता दें कि इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए केएल राहुल को बुधवार को सिर्फ 28 रनों की जरूरत थी, और उन्होंने भारत की पहली पारी के 15वें ओवर में यह मील का पत्थर छू लिया। मैनचेस्टर में चल रहा यह रेड-बॉल मैच केएल राहुल के इंग्लैंड में करियर का 13वां टेस्ट है।
बतौर बल्लेबाज वो इंग्लैंड में 1000 रन बनाने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। इस क्लब में केएल राहुल से पहले सिर्फ चार दिग्गज भारतीय बल्लेबाजों ने ही यह मुकाम हासिल किया था। बता दें कि सचिन तेंदुलकर (1575 रन), राहुल द्रविड़ (1376 रन), सुनील गावस्कर (1152 रन) और विराट कोहली (1096 रन) इस क्लब में हैं।
चौथे टेस्ट में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने 22 ओवर में बिना कोई विकेट गवाएं 59 रन बना लिया है। केएल राहुल 37 रन वही यशस्वी जायसवाल 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।