Mohammad Kaif: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की आलोचना करने वालों को करारा जवाब दिया है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे के बाद से बुमराह पर लगातार वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर सवाल उठ रहे थे, जिसके चलते उन्हें कुछ मैचों से बाहर बैठना पड़ा था। कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने उन पर सिर्फ चुनिंदा मैच खेलने का आरोप भी लगाया था। इन्हीं सब के बीच मोहम्मद कैफ ने बुमराह को लेकर कई बड़ी बातें कही हैं।
'बुमराह के बिना टीम जीत नहीं पाती'
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बुमराह की जमकर तारीफ की और कहा, 'जबान संभालकर बात करो, क्योंकि आपने कहा कि जब बुमराह ने इंग्लैंड में मैच खेले, तो हम हार गए। आप यह भी देखें कि उन्होंने कितने मैच खेले हैं और भारत ने वो जीते हैं, चाहे वह कोई भी फॉर्मेट हो।' कैफ ने आगे कहा, 'जब वह खेलते हैं तो कितनी बार मैच जिताऊ प्रदर्शन करते हैं? उस आंकड़े को भी देखें। बुमराह भारत का एक उभरता हुआ हीरा हैं। उन पर कोई दाग नहीं है।'
एशिया कप में बेहद महत्वपूर्ण होगी बुमराह की भूमिका
बुमराह को एशिया कप टी20 टीम में शामिल किया गया है, जहां वह यूएई में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। कैफ ने जोर देकर कहा कि एशिया कप में वर्कलोड मैनेजमेंट कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। कैफ ने कहा, 'मैंने पहले ही कहा था कि बुमराह टेस्ट में शायद ज्यादा ना खेलें, लेकिन व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो वह सात मैच खेल सकते हैं। वह 28 ओवर गेंदबाजी करेंगे, और मैं दो या तीन हफ्ते के लंबे टूर्नामेंट की बात कर रहा हूं।' उन्होंने कहा कि 'उन्हें 28 ओवर गेंदबाजी करने में कोई दिक्कत नहीं होगी और उन्हें रिकवर करने के लिए समय मिलेगा। आप उन्हें ओमान या कमजोर टीमों के खिलाफ एक-आध मैच में आराम भी दे सकते हैं।'
कैफ ने यह भी कहा कि 'मुझे नहीं लगता कि उन्हें चार ओवर गेंदबाजी करने में कोई दिक्कत होगी। आपको टी20 में बुमराह की जरूरत है, क्योंकि वह अपनी गेंदबाजी से खेल का रुख बदल सकते हैं।'