Mohammed Shami: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से खेली जाएगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान हो गया है। टीम में एक बार फिर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जगह नहीं दी गई है। पिछले काफी समय से मोहम्मद शमी टीम से बाहर है। टीम से बाहर होने पर मोहम्मद शमी के कोच ने अपना रिएक्शन दिया है। मोहम्मद शमी के पर्सनल कोच ने इंडियन सीनियर मेन्स सिलेक्शन कमिटी के फैसले पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा, शमी को वनडे टीम में वापसी के लिए और क्या साबित करना होगा, यह समझ से बाहर है, क्योंकि उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी अब करीब 10 महीने तक बढ़ चुकी है। इतने एक्सपीरिएंस और प्रदर्शन के बावजूद टीम में जगह न मिलना हैरानी की बात है।
सेलेक्टर्स उन्हें टीम में नहीं लेना चाहते
इंडिया टुडे से फोन पर बातचीत में मोहम्मद शमी के कोच ने कहा, "शमी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, फिर भी उन्हें टीम में मौका नहीं मिल रहा है। एक खिलाड़ी इससे ज्यादा और क्या कर सकता है, उसे और कितने विकेट लेने होंगे? इससे साफ लगता है कि चयनकर्ता उन्हें वनडे टीम में नहीं देखना चाहते, जबकि शमी के पास अभी भी टीम को देने के लिए बहुत कुछ है।" मोहम्मद शमी इस सीजन डोमेस्टिक क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
डोमेस्टिक में शमी कर रहे शानदार प्रदर्शन
डोमेस्टिक क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी मोहम्मद शमी को टीम में शामिल नहीं किया गया। चयनकर्ताओं ने 50 ओवर के फॉर्मेट के लिए तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा को प्राथमिक विकल्प के रूप में चुना, जिसके चलते शमी को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया। मोहम्मद शमी मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने पांच मैचों में 11 विकेट चटकाए हैं, जिसमें असम के खिलाफ बंगाल की ओर से खेलते हुए 3/55 का प्रदर्शन शामिल है, जिससे विरोधी टीम 217 रन पर सिमट गई।