IND vs PAK: U19 एशिया कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत की अंडर-19 टीम ने शनिवार को फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत में ऑलराउंडर मोहित उल्वा ने अहम भूमिका निभाई। मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। टीम इंडिया के अक्रामक सेलिब्रेशन का वीडियो काफी वायरल हुआ। वहीं इस वीडियो पर कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई थी। अब इस पर मोहित उल्वा ने बताया कि टीम ने ऐसा जश्न क्यों मनाया था। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का इरादा पाकिस्तानी टीम को कुछ दिखाने या निशाना बनाने का नहीं था।
अल अमराट में जीत के अगले दिन स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में भारतीय बल्लेबाज मोहित उल्वा ने टीम के जश्न की वजह बताई। उन्होंने कहा कि, भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान की पिछली जीत का जवाब देने के लिए जश्न नहीं मना रहे थे, बल्कि अपनी मेहनत और जीत की खुशी जाहिर कर रहे थे। मोहित ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला था, इसलिए खिलाड़ियों में जोश होना स्वाभाविक था। लीग स्टेज में हमें हराने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भी अपनी जीत का जश्न मनाया था। लेकिन हमने उनके जश्न को पर्सनल रूप से नहीं लिया। वे अपनी जीत मना रहे थे और हमने भी अपनी जीत का जश्न मनाया। हमारे जश्न में भावनाएं, जोश और आक्रामकता सब कुछ था। हमने किसी को कुछ दिखाने के लिए ऐसा नहीं किया, बल्कि हम अपनी जीत की खुशी आपस में बांट रहे थे। यह सब बिल्कुल स्वाभाविक था।"
आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। ऐसे में मोहित क्रीज से आगे बढ़े और एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी। इस यादगार जीत के बाद मोहित ने बताया कि उन्हें कुछ देर तक यकीन ही नहीं हुआ कि उन्होंने इतना बड़ा कमाल कर दिया है। मोहित ने कहा, "मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि मैंने सच में मैच जिता दिया है। कुछ देर तक मैं समझ नहीं पा रहा था कि मैंने क्या कर दिया है। जब मुझे एहसास हुआ कि हमने जीत हासिल कर ली है, तब मैंने जश्न मनाना शुरू किया।"
मोहित-मनाल बने जीत के हिरो
मोहित उल्वा और मनाल चौहान भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो बनकर सामने आए। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आखिरी समय में मैच का रुख बदल दिया और पाकिस्तान को एक विकेट से हरा दिया। फाइनल में भारत को 338 रनों का बड़ा टारगेट मिला था। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। एक समय भारत की हार तय लग रही थी और जीत के लिए हर ओवर में 10 से ज्यादा रन बनाने की जरूरत थी। लेकिन चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि मोहित ने नाबाद रहते हुए शानदार पारी खेली। दोनों की इस बेहतरीन बल्लेबाजी से भारत ने यादगार जीत दर्ज की।