MS Dhoni: धोनी को ICC ने दिया सबसे बड़ा सम्मान, दिग्गजों की इस लिस्ट में मिली जगह

महेंद्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 10 जुलाई 2019 को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला। अपने 15 साल के लंबे करियर में धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले

अपडेटेड Jun 09, 2025 पर 10:20 PM
महेंद्र सिंह धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मशहूर विकेटकीपर बल्लेबाज़ महेंद्र सिंह धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। 9 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने यह बड़ी घोषणा की। धोनी के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ओपनर हाशिम अमला और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन को भी इस खास सम्मान से नवाजा गया है। इस सम्मान को लेकर धोनी ने भी अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि, "ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह उन क्रिकेटरों को मान्यता देता है जिन्होंने अलग-अलग समय में और दुनियाभर में खेल में योगदान दिया है। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम जुड़ना एक खास अनुभव है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।"

शानदार रहा है धोनी का करियर

महेंद्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 10 जुलाई 2019 को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला। अपने 15 साल के लंबे करियर में धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने भारत को तीन बड़े ICC टूर्नामेंट जिताए- 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप, और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी।


वनडे में बनाए 10 हजार से ज्यादा रन

2 अप्रैल 2011 को वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) में खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल में धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ 79 गेंदों पर 91 रन की नाबाद पारी खेली। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। एमएस धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 4876 रन, वनडे में 10,773 रन और टी20 में 1617 रन बनाए। उन्होंने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया, लेकिन अब भी वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं।

बता दें कि, धोनी हॉल ऑफ फेम में जगह पाने वाले भारत के 11वें क्रिकेटर बन गए। भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ समेत कई महान खिलाड़ियों को बीते सालों में ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाता रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।