Asia Cup 2025: अगले महीने 9 सितंबर से एशिया कप शुरू होने वाला है। पिछले दिनों इसके लिए भारतीय टीम का चयन हुआ। सूर्यकुमार यादव कप्तान बने और शुभमन गिल उप कप्तान। अभिषेक शर्मा से लेकर रिंकू सिंह तक 15 सदस्यीय टीम में एक से बढ़कर सूरमा मौजूद है। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि भारत के पास अगले महीने यूएई में होने वाले एशिया कप को जीतने के लिए एक जबरदस्त टीम है। सहवाग ने तीन ऐसे खिलाड़ियों को चुना है जो उनके अनुसार, भारत के लिए मैच का रुख बदल सकते हैं। इसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम शामिल हैं, जो पिछले साल विश्व कप के फाइनल के बाद पहली बार टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेंगे।
अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती पर सहवाग को हैं भरोसा
सहवाग का मानना है कि युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं। सोनी स्पोर्ट्स पर सहवाग ने कहा, 'मुझे लगता है कि अभिषेक शर्मा एक गेम-चेंजर हो सकते हैं। बुमराह हमेशा से गेम-चेंजर रहे हैं। वरुण चक्रवर्ती अपनी फिरकी गेंदबाजी से चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 फॉर्मेट में भी बहुत प्रभावी थे। ये भारत के कुछ गेम-चेंजर हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं।'
खिलाड़ियों का कैसा रहा है प्रदर्शन
पिछले साल के टी20 विश्व कप में बुमराह ने भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने 15 विकेट लिए थे। 70 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 17.74 की औसत से 89 विकेट हैं। अभिषेक शर्मा भारतीय टी20 टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य बन गए हैं। 17 मैचों में इस युवा खिलाड़ी ने 193.84 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 535 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और दो अर्धशतक हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनका 135 का स्कोर टी20I में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।
वरुण चक्रवर्ती ने भी अपनी गेंदबाजी में सुधार किया है और भारत की व्हाइट बॉल टीम में वापसी की है। 15 टी20I में उन्होंने 33 विकेट लिए हैं और लगातार बल्लेबाजों को परेशान करते रहे हैं। वह टूर्नामेंट के दौरान भारत के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक होंगे।
क्या है एशिया कप में भारत का शेड्यूल
एशिया कप में भारत ग्रुप ए में यूएई, पाकिस्तान और ओमान के साथ है। भारतीय टीम 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी, जिसके बाद 14 सितंबर को वे पाकिस्तान से भिड़ेंगे। 19 सितंबर को अबू धाबी में भारत का ओमान के खिलाफ आखिरी ग्रुप स्टेज मैच है। उसके बाद सुपर 4 मुकाबला 20 से 26 सितंबर तक चलेगा। फाइनल 28 सितंबर को दुबई में होगा।