Oman Cricket Team: ओमान की पुरुष क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को हांगकांग, चीन के खिलाफ मैच के साथ एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की। लेकिन नतीजा निराशाजनक रहा, क्योंकि सुफियान महमूद की कप्तानी वाली टीम को निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, मैच के नतीजे से ज्यादा एक और चीज ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा और वह था ओमान की प्लेइंग इलेवन में एक ही सरनेम वाले सात खिलाड़ियों का शामिल होना। जिसे देखकर सभी क्रिकेट फैंस भी हैरान रह गए।
हॉन्ग कॉन्ग (चीन) के खिलाफ खेले जा रहे मैच में ओमान की टीम में मोहम्मद अल बलुशी, शुएब अल बलुशी, जुबैर अल बलुशी, वहीद अल बलुशी, ईसा अल बलुशी, नवीद अल बलुशी और फारिस अल बलुशी शामिल थे। इसके अलावा, टीम में इसी सरनेम वाले दो और खिलाड़ी भी हैं – वसीम अल बलुशी और कैस अल बलुशी, जिससे कुल खिलाड़ियों की संख्या 9 हो जाती है।
मोहम्मद अल बलुशी, शुएब अल बलुशी, जुबैर अल बलुशी और वहीद अल बलुशी ने ओमान के टॉप-ऑर्डर की कमान संभाली। इन चारों ने नंबर 1 से 4 तक के स्लॉट पर बैटिंग की और क्रमशः 2, 20, 0 और 1 रन बनाए। जबकि ईसा अल बलुशी ने नंबर 7 पर बैटिंग करते हुए 7 रन बनाए।
वहीं, गेंदबाजी में शोएब, नवीद और मोहम्मद अल बलुशी ने भी अपना जलवा दिखाया और कुल मिलाकर 5 विकेट लिए। इनमें से मोहम्मद ने 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
इन सात खिलाड़ियों के बारे में आपको जो कुछ भी जानना चाहिए
मोहम्मद अल बलुशी ने ओमान के लिए छह T20I मैच खेले हैं; उन्होंने इसी साल सिंगापुर के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। उनका सबसे ज्यादा स्कोर 81 रन है, जो उन्होंने 3 जून, 2026 को बहरीन के खिलाफ बनाया था। शोएब की बात करें तो उन्होंने भी मोहम्मद जितने ही T20I मैच खेले हैं। 30 साल के इस ऑलराउंडर ने अब तक 117 रन बनाए हैं और चार विकेट लिए हैं।
जुबैर अल बलुशी ने भी नेशनल टीम के लिए छह मैच खेले हैं। हालांकि, हांगकांग, चीन के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती मैच में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
वहीं वहीद की बात करें तो उन्होंने शुक्रवार को एशियाई गेम्स के मुकाबले में ओमान के लिए अपना T20I डेब्यू किया; हालांकि, उनका यह मैच काफी निराशाजनक रहा और वे बल्ले से सिर्फ एक रन ही बना पाए। जबकि ईसा अल बलूशी ने कुल मिलाकर अब तक 5 मैच खेले हैं। लेकिन उनका भी प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और वे सिर्फ 23 रन ही बना पाए हैं।
फास्ट-बॉलिंग ऑल-राउंडर नवीद अल बलुशी की बात करें तो, उन्होंने ओमान के लिए 5 मैच खेले हैं और कुल 7 विकेट लिए हैं। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन सिंगापुर के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 4/22 का रहा है।
जबकि 29 साल के फारिस अल बलुशी ने ओमान के लिए दो है मैच खेले हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 10 रन बनाए हैं, लेकिन उनके नाम कोई विकेट नहीं है।
हांगकांग, चीन और ओमान के बीच हुए मैच में क्या हुआ?
पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। इस स्कोर का बचाव करने में टीम को कोई खास परेशानी नहीं हुई क्योंकि ओमान की टीम 6 विकेट पर सिर्फ 80 रन ही बना सकी और हांगकांग ने यह मैच 41 रनों से जीत लिया।
अब ओमान का अगला मुकाबला शनिवार को मलेशिया से होगा। क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें यह मैच जीतना जरूरी है।