T20 World Cup 2026 Crisis: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को एक पत्र भेजकर सुरक्षा कारणों से भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से बांग्लादेश के इनकार का समर्थन किया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) 2026 के T20 वर्ल्ड कप मैच भारत में नहीं खेलना चाहता। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की तरफ से यह लेटर मंगलवार को भेजा गया था। ICC बोर्ड की बैठक बुधवार (21 जनवरी) को होनी है जिसमें टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की भागीदारी पर फैसला लिया जाएगा।
बांग्लादेश को ग्रुप चरण के चारों मैच भारत में खेलने हैं जिनमें से पहले तीन कोलकाता में और एक मुंबई में होना है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने हालांकि अपनी सरकार के समर्थन से भारत जाने से इनकार किया है। BCB ने उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है।
ESPNcricinfo के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल बैठक से एक दिन पहले पीसीबी ने ICC को पत्र लिखकर क्षेत्र में राजनीतिक अस्थिरता का हवाला देते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश के साथ है। इस पत्र की एक कॉपी आईसीसी बोर्ड के सभी सदस्यों को भेजी गई है।
ICC और बीसीबी के बीच इस मसले पर कई बार बात हो चुकी है लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। आईसीसी का कहना है कि टूर्नामेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। जबकि बीसीबी भारत टीम नहीं भेजने पर अड़ा है।
पीसीबी ने इस मसले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। लेकिन बोर्ड के सूत्रों ने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने आईसीसी में सहयोग के लिए पाकिस्तान से संपर्क किया था। पाकिस्तान के सारे मैच हाइब्रिड मॉडल के तहत श्रीलंका में होंगे।
बांग्लादेश कप्तान का चौंकाने वाला बयान
इस बीच, बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने कहा कि उन्हें नहीं पता है कि उनकी टीम अगले महीने टी20 वर्ल्ड कप खेलेगी या नहीं। बांग्लादेश ने बीसीसीआई के निर्देशों के बाद तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत टीम भेजने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के कारण दोनों देशों के राजनयिक संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।
दास के हवाले से ESPNcricinfo ने लिखा, "अगर हमें पता होता कि विश्व कप में ग्रुप चरण में हमें किनसे खेलना है या किस देश में खेलना है तो काफी मदद मिलती।" उन्होंने कहा, "हमने टीम का ऐलान कर दिया है। लेकिन किसी खिलाड़ी को नहीं पता कि किस देश में या किसके खिलाफ खेलना है। मेरी तरह पूरे बांग्लादेश को इस बारे में कुछ नहीं पता है।"
बांग्लादेश ने उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है। इस बारे में पूछने पर दास ने कहा, "क्या आपको पक्का यकीन है कि हम वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। विश्व कप में अभी समय है। हमें पता ही नहीं है कि हम जा रहे हैं या नहीं।" उन्होंने भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव पर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि खिलाड़ी क्रिकेट बोर्ड के फैसले के साथ होंगे।