क्रिकेट में पाकिस्तान का खराब फॉर्म जारी है। एशियन गेम्स के फाइनल में पाकिस्तान को भारत से करारी शिकस्त मिली है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 और एशिया कप 2025 में भी पाकिस्तान को भारत से हार का सामना करना पड़ा है। वहीं पाकिस्तानी टीम की लगातार खराब प्रदर्शन का असर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की कमाई पर भी दिखाई दे रहा है। मैदान पर टीम के उतार-चढ़ाव के बीच पीसीबी को टीवी राइट्स से मिलने वाली रकम में बड़ी गिरावट आई है। 2027 से शुरू होने वाले घरेलू इंटरनेशनल मैचों के लिए बोर्ड को पिछली डील के मुकाबले काफी कम रकम मिली है। आइए जानते हैं इसकी बड़ी वजह
करीब 35 करोड़ में खरीदे टीवी राइट्स
सरकारी चैनल पाकिस्तान टेलीविजन कॉर्पोरेशन (पीटीवी) ने 2027 से शुरू होने वाले पीसीबी के घरेलू पुरुष क्रिकेट मैचों के अगले प्रसारण चक्र के लिए करीब 35 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 12 करोड़ भारतीय रुपये) में टीवी राइट्स खरीदे हैं। इस करार में कुल 25 मैच शामिल हैं, जिनमें 5 टेस्ट, 14 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने टीवी राइट्स के लिए करीब 20.7 करोड़ रुपये की शुरुआती बोली तय की थी, लेकिन इस प्रक्रिया में केवल एक ही कंपनी ने रुचि दिखाई।
वहीं, तीन बड़े ब्रॉडकास्टर्स ने डील में हिस्सा नहीं लिया और पीसीबी ने कंसोर्टियम को भी बोली लगाने की अनुमति नहीं दी। नई डील के तहत पाकिस्तान बोर्ड को हर इंटरनेशनल मैच से लगभग 82.8 लाख रुपये की कमाई होने की उम्मीद है।
कितने का था पिछला टीवी राइट्स
अगस्त 2024 से दिसंबर 2026 तक के पिछले प्रसारण अधिकार एआरवाई और टावर स्पोर्ट्स के एक समूह ने करीब 60 करोड़ रुपये में हासिल किए थे। इस समझौते में पाकिस्तान के 61 इंटरनेशनल मैच शामिल थे, जिनमें 11 टेस्ट, 26 वनडे और 24 टी20 मुकाबले थे। खास बात ये थी कि यह कीमत पीसीबी की तय शुरुआती 110.8 करोड़ रुपये की रकम से काफी कम थी। इस डील से बोर्ड को हर मैच के लिए औसतन करीब 1.01 करोड़ रुपये मिले थे। नई टीवी राइट्स डील की रकम पिछले समझौते के मुकाबले करीब 18 फीसदी कम रही है।
नई टीवी राइट्स डील में कमी होना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए चिंता की बात माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रसारण अधिकारों की बोली प्रक्रिया में कम कंपनियों के आने की एक बड़ी वजह पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हालिया खराब प्रदर्शन है। इसके अलावा आयरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मैचों को लेकर दर्शकों में भी ज्यादा उत्साह नहीं दिखा, जिसका असर टीवी राइट्स की कीमत पर पड़ा। एशियन गेम्स 2026 में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया और सेमीफाइनल में बांग्लादेश को आसानी से हराया। वहीं खिताबी मुकाबले में उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
टेस्ट में भी खराब प्रदर्शन
एशियन गेम्स से पहले पाकिस्तान की टीम टेस्ट क्रिकेट में लगातार संघर्ष करती नजर आई। अगस्त और सितंबर में इंग्लैंड दौरे पर उसे मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में एक भी जीत नहीं मिली और पाकिस्तान को 3-0 से सीरीज गंवानी पड़ी। हालांकि, इससे पहले वेस्टइंडीज दौरे पर टीम का प्रदर्शन कुछ बेहतर रहा था। दोनों देशों के बीच खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर रही। पाकिस्तान ने पहला टेस्ट हारने के बाद वापसी करते हुए दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया था।