वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर विवाद सामने आया है। पाकिस्तान चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) के मौजूदा सीजन में आगे नहीं खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन से नाम वापस ले लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीम ने आयोजकों से भारतीय खिलाड़ियों से आधिकारिक माफी मांगने को कहा था, लेकिन उनकी यह मांग नहीं मानी गई। इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
बता दें पिछले सीजन में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था। भारत के सेमीफाइनल में नहीं खेलने के कारण पाकिस्तान को बिना मैच खेले फाइनल में पहुंचने का मौका मिला था।
आधिकारिक तौर पर माफी मांगने की अपील की
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में कुछ हिचकिचाहट के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने खिलाड़ियों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) देने पर सहमति जताई थी। लेकिन, बोर्ड ने इसके साथ एक शर्त रखी कि पिछले सीजन में हुए घटनाक्रम को लेकर भारतीय टीम से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी जाए। PCB की इस मांग को वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) के आयोजकों ने स्वीकार नहीं किया और इसे खारिज कर दिया।
PCB ने WCL आयोजकों के सामने एक और शर्त रखी थी कि अगर भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेते हैं, तो पाकिस्तान की टीम या बोर्ड इस पर कोई आपत्ति नहीं जताएगा। दरअसल, पिछले सीजन में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं हो सका था। भारतीय टीम ने मौजूदा हालात और लोगों की भावनाओं को देखते हुए पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। उस भारतीय टीम में युवराज सिंह, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, यूसुफ पठान और रॉबिन उथप्पा जैसे कई पूर्व भारतीय खिलाड़ी शामिल थे।
पाकिस्तान चैंपियंस ने WCL के पिछले दोनों सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन टीम खिताब जीतने से चूक गई। 2024 में उसे फाइनल मुकाबले में इंडिया चैंपियंस के हाथों हार मिली थी, जबकि 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने पाकिस्तान को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस तरह पाकिस्तान की टीम लगातार दो बार उपविजेता रही।