IND vs PAK: भारतीय टीम के हाथ न मिलाने से बौखलाया पाकिस्तान, मैच रेफरी को हटाने की कर दी मांग

IND vs PAK: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। पीसीबी ने भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान हुए हाथ मिलाने से जुड़े विवाद पर आईसीसी से शिकायत दर्ज कराई है। बोर्ड ने रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को तुरंत टूर्नामेंट से हटाने की मांग भी की है

अपडेटेड Sep 15, 2025 पर 5:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पाकिस्तान ने रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को तुरंत टूर्नामेंट से हटाने की मांग भी की है

एशिया कप का 6वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। मैच जीतने के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाया और ड्रेसिंग रूम का दरवाजा भी बंद कर दिया। वहीं मैदान पर पाकिस्तान की टीम भारतीय टीम का इंतजार करते रह गई। सोशल मीडिया पर इस घटना की काफी चर्चा हो रही है। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान हुए हाथ मिलाने से जुड़े विवाद पर आईसीसी से शिकायत दर्ज कराई है। बोर्ड का कहना है कि इस मामले को सही तरह से नहीं संभाला गया, इसलिए उन्होंने रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को तुरंत टूर्नामेंट से हटाने की मांग भी की है।

मैच रैफरी को हटाने की मांग

मोहसिन नकवी ने अपने एक्स अकाउंट पर बयान जारी करते हुए कहा, "पीसीबी ने मैच रेफरी के खिलाफ आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि रेफरी ने आईसीसी आचार संहिता और क्रिकेट की भावना से जुड़े एमसीसी नियमों का उल्लंघन किया है। पीसीबी ने मैच रेफरी को एशिया कप से तुरंत हटाने की मांग की है।" वहीं एक और बयान में पीसीबी ने बताया कि पाकिस्तान टीम मैनेजर नवीद अकरम चीमा ने रेफरी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि रेफरी ने टॉस के समय दोनों कप्तानों को हाथ मिलाने से रोक दिया था।


बयान में कहा गया, "टीम मैनेजर नवीद अकरम चीमा ने मैच रेफरी के व्यवहार को लेकर औपचारिक विरोध दर्ज किया है। उनका कहना है कि रेफरी ने टॉस के समय दोनों कप्तानों से हाथ न मिलाने का अनुरोध किया था।"

पाकिस्तान ने किया विरोध

इस दौरान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय टीम के मैच से पहले और बाद में पारंपरिक हाथ मिलाने से इंकार करने की आलोचना की। बयान में कहा गया, "टीम मैनेजर नवीद चीमा ने भारतीय खिलाड़ियों के हाथ न मिलाने के रवैये पर कड़ा विरोध दर्ज किया। इसे खेल की भावना के खिलाफ और अनुचित माना गया। इसी कारण हमने विरोध जताने के लिए अपने कप्तान को मैच के बाद होने वाले समारोह में शामिल नहीं किया।"

कैसा रहा मैच

बता दें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई पाकिस्तान की टीम ने भारत कोत 128 रन का टारगेट दिया था। टीम इंडिया ने 128 रन के छोटे लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया है। मैच खत्म होने के बाद भी सूर्यकुमार ने हाथ नहीं मिलाया। मैच के बाद पुरस्कार समारोह में उन्होंने यह जीत भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित की और पहलगाम हमले के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई।

IND vs PAK: पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ ना मिलाने पर होगा एक्शन...क्या टीम इंडिया पर लगेगा जुर्माना? जानें क्या है नियम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।