Sanju Samson: आईपीएल 2025 का खुमार अभी उतरा नहीं और क्रिकेट फैंस अभी से ही अगले सीजन का इंतजार करने लगे हैं। वहीं आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन फ्रेंचाइजी छोड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजू सैमसन चाहते हैं कि आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले उन्हें ट्रेड या रिलीज कर दिया जाए।
बता दें 30 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी और टीम के टॉप रन स्कोरर भी हैं।
सीएसके में शामिल हो सकते हैं सैमसन
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोट के मुताबिक, "पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2025 खत्म होने के बाद सैमसन ने अमेरिका में सीएसके के मैनेजमेंट और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग से मुलाकात भी की थी। चेन्नई सुपर किंग्स 30 साल के संजू सैमसन को कैश डील के ज़रिए अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। लेकिन इसमें दिक्कत यह है कि राजस्थान रॉयल्स सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि चेन्नई से दो खिलाड़ियों की अदला-बदली करना चाह रही है।"
क्या नीलामी में शामिल होंगे संजू
रिपोर्ट्स के मुताबिक, "सीएसके के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स भी संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। हालांकि, सैमसन कुछ खास वजहों से चेन्नई जाने के ज्यादा इच्छुक दिखते हैं। जानकारी के मुताबिक अगर राजस्थान और चेन्नई के बीच कोई सौदा नहीं होता, तो फिलहाल संजू सैमसन के नीलामी में शामिल होने की संभावना बहुत कम है।"
संजू सैमसन का रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने 2013 में आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और अब तक राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए 177 मैचों में 4700 से ज्यादा रन बनाए हैं। अपने करीयर के दौरान संजू सैमसन ने 3 शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं। सैमसन की कप्तानी में राजस्थान 2022 में फाइनल तक पहुंचा था। उन्होंने 67 मैचों में टीम की अगुवाई की है, जिसमें 33 जीत मिली हैं। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।