BCCI अध्यक्ष रोजर बिन्नी का कार्यकाल इस साल जुलाई में खत्म होने वाला है। वर्ल्ड कप विजेता पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी 70 साल के हो जाएंगे। BCC संविधान के अनुसार, 70 साल की उम्र तक पहुंचने के बाद कोई व्यक्ति पदाधिकारी नहीं रह सकता। CNN-News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि मौजूदा BCCI वाइस चेयरमैन राजीव शुक्ला सितंबर में होने वाली सालाना आम बैठक (AGM) से पहले तीन महीने के लिए अंतरिम अध्यक्ष का पद संभाल सकते हैं।
AGM के दौरान सांसद और पूर्व IPL चेयरमैन शुक्ला BCCI अध्यक्ष के रूप में पूर्ण कार्यकाल के लिए खड़े हो सकते हैं। भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य बिन्नी 19 जुलाई को अपना 70वां जन्मदिन मनाएंगे। उन्हें 2022 में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जगह इस पद के लिए निर्विरोध चुना गया था।
बिन्नी ने वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई थी, वे टूर्नामेंट में 18 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने 1979 से 1987 के बीच भारत के लिए 27 टेस्ट और 72 वनडे मैच खेले।
उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान कुल 124 विकेट लिए और 1,459 रन भी बनाए। बिन्नी इससे पहले बीसीसीआई की चयन समिति में भी रह चुके हैं।
बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने दो ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट जीते: 2024 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी।
वुमेन प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत भी उनके ही कार्यका के दौरान की गई थी।
इसके अलावा, उनके शासनकाल के दौरान भारतीय क्रिकेटरों के लिए नेशनल टीम में न होने पर घरेलू मैचों में भाग लेना अनिवार्य कर दिया गया। इशान किशन और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों को इन दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के कारण पिछले साल बोर्ड की सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर रखा गया था।
इस साल की शुरुआत में देवजीत सैकिया को बीसीसीआई सचिव नियुक्त किया गया था, उन्होंने जय शाह की जगह ली थी, जो ICC के चेयरमैन बन गए थे। सैकिया निर्विरोध चुने गए थे।