रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये पुराना रिकॉर्ड, 10 हजार रन बनाने वाले चौथे ओपनर बने

Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने वनडे में बतौर ओपनर 10 हजार रन पूरे कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 202 पारियों में यह मुकाम हासिल कर सचिन तेंदुलकर का 214 पारियों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं

अपडेटेड Oct 03, 2026 पर 4:26 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने ये खास रिकॉर्ड बनाया

Rohit Sharma: भारत के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर वनडे में 10 हजार रन पूरे कर लिए। वहीं इस मुकाम तक सबसे कम पारियों में पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए। इस जादूई आंकड़े तक पहुंचने वाले रोहित भारत के दूसरे बल्लेबाज और दुनिया के चौथे खिलाड़ी हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने 214 पारियों में ये आकड़ा पार किया था, वहीं रोहित ने 202 पारियों में ये कारनामा किया है। इस तरह रोहित ने सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

2 रन बनाते ही बनाया ये रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने ये खास रिकॉर्ड बनाया। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच से पहले रोहित बतौर ओपनर 201 पारियों में 9,998 रन बना चुके थे। उन्हें 10 हजार रन पूरे करने के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे। 2 रन बनाते ही रोहित ने ये उपलब्धि हासिल कर ली है। वहीं मुकाबले में रोहित शर्मा 85 गेंदों में 92 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज और भारत के बीच तीसरे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम खबर लिखे जाने तक 25 ओवर में 3 विकेट पर 141 रन बना ली है।


सचिन के नाम हैं ये रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 10 हजार रन पूरे करके अपना नाम दुनिया के बड़े बल्लेबाजों की सूची में दर्ज करा लिया है। अब वह सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या और क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ इस खास क्लब का हिस्सा हैं। वनडे में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 344 पारियों में 15,310 रन बनाए हैं। इसके बाद श्रीलंका के सनथ जयसूर्या का नंबर आता है, जिन्होंने 383 पारियों में 12,740 रन जोड़े हैं। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 274 पारियों में 10,179 रन बनाए। अब रोहित शर्मा के 10 हजार रन पूरे करने के साथ वह भी वनडे के सबसे सफल ओपनर्स में शामिल हो गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।