Rohit Sharma: 'MI को सही रास्ते पर लाने की जरूरत...', रोहित शर्मा ने बताया फिर से क्यों संभाली टीम की कमान

Rohit Sharma: आईपीएल 2027 से पहले रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे। 27 नवंबर को टीम ने उन्हें नया कप्तान घोषित किया। पांच बार मुंबई को IPL चैंपियन बना चुके रोहित ने कप्तानी में वापसी के फैसले के पीछे की वजह भी बताई

अपडेटेड Nov 28, 2026 पर 12:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 के बाद टीम के मालिक आकाश अंबानी से हुई बातचीत के बारे में बताया

IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बड़ा बदलाव हुआ है। रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने जा रहे हैं। मुंबई ने 27 नवंबर को आईपीएल 2027 के लिए उन्हें टीम का नया कप्तान घोषित किया गया। 39 साल के रोहित की कप्तानी में वापसी से फैंस काफी उत्साहित हैं। कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के अगले दिन रोहित ने बताया कि, उन्होंने दोबारा टीम की कमान संभालने का फैसला क्यों लिया और इसके पीछे उनकी क्या सोच रही। बता दें, रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में IPL का खिताब जीता था।

मुंबई ने जारी किया वीडियो

मुंबई इंडियंस ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 के बाद टीम के मालिक आकाश अंबानी से हुई बातचीत के बारे में बताया। रोहित ने बताया कि, शुरुआत में वह दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी लेने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि टीम को सही दिशा देने के लिए उनकी जरूरत है। इसके बाद उन्होंने एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालने का फैसला किया। रोहित ने कहा कि पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। उनके मुताबिक, मुंबई इंडियंस अपने पुराने अंदाज में क्रिकेट नहीं खेल पा रही थी। ऐसे में टीम को दोबारा जीत की राह पर लाने के लिए सभी खिलाड़ियों को पहले से ज्यादा मेहनत करनी होगी।


टीम के प्रदर्शन से काफी निराश थे

रोहित ने कहा, "IPL 2026 का सीजन खत्म होने के बाद हम सभी काफी निराश थे। मुझे ही नहीं, बल्कि टीम के कई अन्य खिलाड़ियों को भी हमारे प्रदर्शन से निराशा हुई थी। यह किसी भी खिलाड़ी के लिए स्वाभाविक है। जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते और आपकी टीम भी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेलती, तो निराश होना लाजमी है।" उन्होंने बताया कि घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी से मुंबई इंडियंस के हालात पर चर्चा की। रोहित ने आगे कहा, "इसके बाद आकाश अंबानी ने मुझे फोन किया और हमारी मुलाकात हुई। हमने टीम को आगे बढ़ाने और उसके प्रदर्शन में सुधार करने के तरीकों पर चर्चा की। इस दौरान कई सुझाव और नए विचार भी सामने आए।"

 

कैसे ली दोबरा से कप्तानी

रोहित शर्मा ने बताया कि आकाश अंबानी के प्रस्ताव पर उनकी पहली प्रतिक्रिया कप्तानी की जिम्मेदारी दोबारा लेने को लेकर सकारात्मक नहीं थी। हालांकि, कुछ समय तक सोचने के बाद उन्हें लगा कि मुंबई इंडियंस को सही रास्ते पर लाने के लिए एक मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। रोहित ने कहा, "शुरुआत में मुझे लगा कि मैं अभी यह जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं हूं। इसलिए मैंने इस बारे में दोबारा सोचने का फैसला किया। पिछले कुछ समय में काफी कुछ हो चुका था और मुझे खुद भी नहीं पता था कि मैं फिर से कप्तानी संभालने के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं या नहीं।"

मुंबई के प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

उन्होंने आगे कहा, "बाद में मुझे महसूस हुआ कि टीम को इस समय सही दिशा दिखाने की जरूरत है। मैं यह नहीं कह रहा कि टीम को सिर्फ मेरी ही जरूरत है, लेकिन अगर मैं अपनी भूमिका निभाकर टीम को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता हूं, तो मुझे यह जिम्मेदारी खुशी से स्वीकार है।" रोहित शर्मा ने IPL के पिछले कुछ सीजन में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। रोहित ने कहा, "मुंबई इंडियंस को तीन सीजन में अंक तालिका में सबसे नीचे देखना निराशाजनक रहा। इनमें 2022 का सीजन भी शामिल था, जब मैं कप्तान था। इसके बाद 2024 और 2026 में भी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। यह मुंबई इंडियंस की पहचान नहीं है और न ही टीम इसके लिए जानी जाती है।"

पहले जैसा नहीं था खेलने का तरीका

रोहित शर्मा ने आगे कहा कि मुंबई इंडियंस कई मामलों में कमजोर साबित हुई और टीम को अपने खेलने के तरीके में बदलाव करने की जरूरत है। उनके मुताबिक, पिछले कुछ सीजन में टीम मैदान पर विरोधियों को कड़ी टक्कर देने में नाकाम रही, जिसका असर उसके प्रदर्शन पर पड़ा। रोहित ने कहा, "पिछले कुछ सालों में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही और हम मैदान पर अच्छी चुनौती पेश नहीं कर सके। इसी वजह से टीम को सफलता नहीं मिली। मुझे लगा कि हम खेल के कई पहलुओं में पीछे रह गए थे। हमारा खेलने का तरीका और मैच को देखने का नजरिया भी पहले जैसा नहीं रहा। हम लंबे समय तक इसी स्थिति में फंसे रहे।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।