'शादी का वादा करके दिया धोखा!', मुश्किल में फंसे RCB के स्टार यश दयाल, महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप

शिकायत में उसने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हुए यश दयाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अपील की है। उसका कहना है कि यह कदम सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए भी जरूरी है जो ऐसे झूठे रिश्तों का शिकार हुई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र के सर्किल ऑफिसर (सीओ) से इस मामले में रिपोर्ट तलब की है

अपडेटेड Jun 28, 2025 पर 9:28 PM
Story continues below Advertisement
तेज गेंदबाज यश दयाल पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

Yash Dayal : इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल मुश्किल में फंस गए हैं। क्रिकेटर के खिलाफ एक महिला ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक महिला गाजियाबाद की रहने वाली हैं। महिला ने मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।

यश दयाल पर लगे ये आरोप

महिला ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए यश दयाल के साथ अपनी एक तस्वीर और एफआईआर की कॉपी भी पोस्ट की है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से एक क्रिकेटर के साथ रिश्ते में थी। उसने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर उसके साथ भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया। महिला का कहना है कि उसे क्रिकेटर के परिवार से मिलवाया गया और एक बहू की तरह व्यवहार किया गया, जिससे उसने उन पर पूरा भरोसा कर लिया।


महिला ने की सीएम पोर्टल पर  शिकायत

शिकायत में महिला ने कहा कि जब उसे धोखा महसूस हुआ और उसने विरोध किया, तो उसके साथ शारीरिक हिंसा की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने यह भी बताया कि रिश्ते के दौरान वह आर्थिक और भावनात्मक रूप से यश दयाल पर पूरी तरह निर्भर हो गई थी। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यश दयाल न सिर्फ उसके साथ, बल्कि अन्य लड़कियों के साथ भी झूठे रिश्तों में शामिल रहा है। उसने बताया कि 14 जून 2025 को उसने महिला हेल्पलाइन 181 पर कॉल की थी, लेकिन पुलिस थाने में मामले की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। महिला ने कहा कि वह आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर स्थिति में है, इसलिए अब वह सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से न्याय की मांग कर रही है। उसने दावा किया है कि उसके पास चैट, स्क्रीनशॉट, वीडियो कॉल और तस्वीरों सहित कई सबूत मौजूद हैं।

21 जुलाई तक का दिया गया समय

शिकायत में उसने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हुए यश दयाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अपील की है। उसका कहना है कि यह कदम सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए भी जरूरी है जो ऐसे झूठे रिश्तों का शिकार हुई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र के सर्किल ऑफिसर (सीओ) से इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। साथ ही, पुलिस को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत का निपटारा करने के लिए 21 जुलाई तक का समय दिया गया है। शिकायतकर्ता युवती ने इससे पहले 14 जून 2025 को महिला हेल्पलाइन पर भी इस मामले की जानकारी दी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।