Vaibhav Sooryavanshi: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद से ही चर्चा में हैं। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। वहीं अब हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। गोयनका ने कहा, लीग की कई दूसरी टीमों को भी वैभव को अपनी टीम में शामिल नहीं कर पाने का अफसोस है। उन्होंने कहा, राजस्थान ने उन्हें जिस कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था, वह फैसला अब काफी फायदेमंद नजर आ रहा है। राजस्थान इस युवा खिलाड़ी को आसानी से टीम से जाने नहीं देगी। आइए जानते हैं वैभव को लेकर संजीव गोयनका ने क्या कहा
संजीव ने की वैभव की तारीफ
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में संजीव गोयनका ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी पूरी दुनिया से तारीफ पाने के हकदार हैं। वह एक पीढ़ी में मिलने वाला खास टैलेंट हैं। आईपीएल की हर टीम के मालिक को इस बात का अफसोस है कि वैभव उनकी टीम का हिस्सा नहीं हैं। अब जब लक्ष्मी मित्तल राजस्थान रॉयल्स के मालिक हैं, तो मुझे नहीं लगता कि वह वैभव को कभी टीम से जाने देंगे। अगर कभी ऐसा हुआ भी, तो सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि आईपीएल के कई दूसरे मालिक भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के इंतजार में रहेंगे।”
संजीव गोयनका वैभव सूर्यवंशी के खेल के बड़े प्रशंसक हैं। प्रतिद्वंद्वी टीम के मालिक होने के बावजूद वह कई बार सोशल मीडिया पर वैभव की बल्लेबाजी और प्रतिभा की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, “वैभव की पहली पब्लिक इमेज राइजिंग पुणे सुपरजायंट की जर्सी में है और आज वह कमाल कर रहा है। जाहिर है, उसमें टैलेंट है, शानदार शॉट्स हैं, लेकिन उसका कॉन्फिडेंस ही है जिसने मेरा सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। उसमें बहुत ज्यादा कॉन्फिडेंस है, लेकिन ओवरकॉन्फिडेंस नहीं। जब आप ओवरकॉन्फिडेंट हो जाते हैं, तो वहीं से आपकी गिरावट शुरू हो जाती है।"
उन्होंने आगे कहा, "वैभव को भरोसा है कि ‘मैं यह कर सकता हूं।’ और मैंने अब तक जो भी देखा है, उसमें वह हर गेम के साथ बेहतर होता जा रहा है। वह खुद को थोड़ा-थोड़ा बदलना सीख रहा है और इससे वह आगे चलकर और भी ज्यादा असरदार बनेगा। वह बड़े मौकों के लिए बना खिलाड़ी है।”
वैभव को 1.1 करोड़ रुपये में किया था शामिल
राजस्थान ने उन्हें जेद्दा में हुए आईपीएल ऑक्शन में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बता दें राजस्थान रॉयल्स में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय कारोबारी लक्ष्मी मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर करीब 1.65 अरब डॉलर यानी लगभग 15,660 करोड़ रुपये में टीम का अधिग्रहण किया है। इस सौदे के बाद मित्तल के पास टीम की करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि पूनावाला के पास लगभग 18 फीसदी हिस्सा है। बाकी करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी मनोज बडाले समेत टीम के मौजूदा निवेशकों के पास बनी हुई है।