Sanju Samson: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार, 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वहीं सीरीज के खत्म होने के बाद दोनों टीमों के बीच में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से होगी। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय खिलाड़ी जमकर तैयारी कर रहे हैं। इस बीच भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में संजू भारत के दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ ट्रेनिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवराज, संजू सैमसन के साथ नेट्स के पास उनकी बल्लेबाजी तकनीक पर चर्चा करते दिखे। माना जा रहा है कि ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए ये तैयारी की जा रही है।
इससे पहले युवराज सिंह के साथ अभिषेक शर्मा की ट्रेनिंग की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिसके बाद अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टी20 टीम में अपनी मजबूत जगह बना ली है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम में सैमसन
संजू सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज और अगले महीने भारत में खेले जाने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय T20I टीम में चुना गया है। हालांकि एशिया कप 2025 के बाद दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उनकी जगह शुभमन गिल को टीम में शामिल किया गया था। इससे पहले संजू भारतीय टीम के नियमित ओपनर रहे हैं और उन्होंने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शतक लगाकर टीम को जीत भी दिलाई थी।
टी20 में नहीं चुने जाने पर गिल ने क्या कहा
भारत T20 वर्ल्ड कप से पहले तीन ODI और उसके बाद पांच T20I खेलेगा, जो 7 फरवरी को घर और श्रीलंका में शुरू होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले, T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह न मिलने को लेकर सवाल पूछे जाने पर शुभमन गिल ने रिपोर्टर्स से कहा "मैं वहीं हूं जहां मुझे होना चाहिए और जो मेरी किस्मत में लिखा है, कोई उसे मुझसे नहीं छीन सकता। एक खिलाड़ी हमेशा मानता है कि वह देश के लिए अपना बेस्ट देगा और सिलेक्टर्स ने अपना फैसला ले लिया है। मैं हमेशा पल में रहने की कोशिश करता हूं और इससे जिंदगी आसान हो जाती है।"