भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 15 सदस्यीय भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है। श्रेयस अय्यर भारत की वनडे टीम के उपकप्तान हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोट लगने की वजह से श्रेयस अय्यर काफी समय से टीम से बाहर है। वहीं बीसीसीआई ने साफ किया कि अय्यर का खेलना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लियरेंस मिलने पर ही तय होगा।
हालांकि रविवार (4 जनवरी) को ये जानकारी सामने आई कि मुंबई का ये बल्लेबाज 11 जनवरी को वडोदरा में भारत की प्लेइंग 11 में शामिल होने की पूरी संभावना है। अय्यर ने आखिरी बार 25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक प्रतिस्पर्धी मैच खेला था।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक BCCI के एक सूत्र ने बताया कि, "श्रेयस अय्यर पहले वनडे मैच के लिए लगभग पूरी तरह फिट हैं। सूत्र के मुताबिक अय्यर की उपलब्धता करीब 99 प्रतिशत मानी जा रही है और उन्होंने कहा कि वह अब लगभग खेलने के लिए तैयार हैं।" सोर्स ने आगे कहा, "वह पहले गेम के लिए 99 परसेंट अवेलेबल रहेंगे। हालांकि BCCI COE को इस बात पर थोड़ा संदेह है कि वह पूरे 100 ओवर तक खेल पाएंगे या नहीं और ये विजय हजारे मैच में पता चल जाएगा।"
विजय हजारे ट्रॉफी खेलेंगे अय्यर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच के दौरान लगी चोट के कारण श्रेयस अय्यर कई महीनों से मैदान से बाहर थे। अब मंगलवार (6 जनवरी) को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने की उम्मीद है। मिली जानकारी के अनुसार, वह सोमवार (5 जनवरी) को जयपुर में मुंबई टीम से जुड़ेंगे और इसके अगले दिन विजय हजारे ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई की ओर से जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड में खेलते नजर आएंगे।
फिटनेस की मंजूरी का इंतजार
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर श्रेयस अय्यर को BCCI की मेडिकल टीम से फिटनेस की मंजूरी मिल जाती है, तो उन्हें तुरंत वनडे स्क्वॉड से जुड़ने के लिए वडोदरा भेज दिया जाएगा। वहीं अगर फिटनेस को लेकर थोड़ी शंका बनी रहती है, तो अय्यर 8 जनवरी को पंजाब के खिलाफ मुंबई का आखिरी एलीट ग्रुप C मैच खेल सकते हैं, ताकि अपनी फिटनेस साबित कर सकें और उसके बाद वडोदरा में टीम के साथ जुड़ें।