चोट के बाद श्रेयस अय्यर किया धमाकेदार वापसी, न्यूजीलैंड सीरीज से पहले खेली ताबड़तोड़ पारी

Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर ने लंबे समय बाद कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में शानदार वापसी की। विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई बनाम हिमाचल प्रदेश मुकाबले में अय्यर ने 53 गेंदों में 82 रन की शानदार पारी खेली है। इंडिया-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले अपनी मैच फिटनेस साबित करने का अच्छा मौका है

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 4:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
श्रेयस अय्यर को 3 जनवरी को घोषित की गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल तो किया गया था

भारत के वनडे उपकप्तान श्रेयस अय्यर लंबे इंतजार के बाद कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी की है। श्रेयस अय्यर ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के एलीट ग्रुप C के मुंबई और हिमाचल प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले से वापसी की है। ये मुकाबला जयपुरिया विद्यालय ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई की ओर से कप्तानी करते हुए श्रेयस अय्यर नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे। चोट के बाद वापसी कर रहे अय्यर ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। श्रेयस अय्यर ने 53 गेंदों में 82 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। अय्यर की बेहतरीन पारी की बदौलत मुंबई ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 33 ओवर में 9 विकेट खोकर 299 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

अय्यर ने की जोरदार वापसी

श्रेयस अय्यर ने अपने पारी के दौरान 53 गेंदों में 82 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने मुशीर खान के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 82 रन की तेज साझेदारी की। मुशीर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 73 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 65 रन की अहम साझेदारी हुई। वहीं टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस मैच में कोई खास कमाल नहीं कर पाए। सूर्यकुमार ने 18 गेंदों में 24 रन बनाए और अपनी पारी में 1 चौका व 2 छक्के लगाए। जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में घने कोहरे के कारण दो घंटे से ज्यादा का समय बर्बाद हुआ।


फिटनेस को लेकर थे सवाल

श्रेयस अय्यर को 3 जनवरी को घोषित की गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल तो किया गया था, लेकिन उनका खेलना पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर था। इंडिया-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले अपनी मैच फिटनेस दिखाने का यह उनके पास अच्छा मौका था। ऐसे में जयपुर का यह मैच उनके लिए खुद को साबित करने के लिहाज से काफी जरूरी माना जा रहा है। अपनी शानदार बल्लेबाजी से श्रेयस अय्यर ने फिटनेस को लेकर उठ रहे सभी सवालों को काफी हद तक खत्म कर दिया है।

अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि क्या वह हिमाचल प्रदेश की पारी के दौरान पूरे 33 ओवर तक मैदान में फील्डिंग करते हैं या नहीं, क्योंकि इससे उनकी पूरी फिटनेस का साफ अंदाजा लग पाएगा।

जल्द ही टीम से जुड़ेगे

यशस्वी जायसवाल अगले कुछ दिनों में श्रेयस अय्यर के साथ जयपुर से वडोदरा रवाना होंगे, ताकि 11 जनवरी से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम में शामिल हो सकें। वहीं शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव 21 जनवरी से उसी टीम के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे।

Harbhajan Singh: 'गिल के बाहर होने पर थोड़ा दुख हुआ, लेकिन…', हरभजन सिंह ने की टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम की तारीफ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।