Shreyas Iyer Injury Update: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारत के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर चोट से उबर कर नेट में बल्लेबाजी और प्रैक्टिस भी करते नजर आए है। अय्यर आगे की जांच और फिटनेस से जुड़ी प्रक्रिया के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच चुके हैं। वहीं अय्यर फिटनेस की जांच के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच चुके हैं। न्यूजीलैंड के सीरीज शुरू होने में अभी करीब 17 दिन बाकी हैं। ऐसे में श्रेयस की वापसी की खबर टीम इंडिया के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर ने बिना किसी दिक्कत के करीब एक घंटे तक बल्लेबाजी की। उनकी बैटिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई। वहीं श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले वनडे सीरीज में खेलेंगे या नहीं इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
TOI से बातचीत में BCCI के एक अधिकारी ने बताया, “श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया में काफी गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण वह लंबे समय तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल सके। हालांकि राहत की बात ये है कि अब वे पूरी तरह दर्द-मुक्त हैं और बुधवार को मुंबई में उन्होंने बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी भी की।” श्रेयस अय्यर के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चार से छह दिन रहने की संभावना है, जहां उनकी फिटनेस और रिकवरी की पूरी समीक्षा की जाएगी। इसी दौरान उनकी क्रिकेट में वापसी को लेकर साफ तस्वीर सामने आ सकती है।
अय्यर ने पहले ही रेगुलर जिम और फिटनेस रूटीन फिर से शुरू कर दिया है। चोट के बाद के सभी एक्स-रे और असेसमेंट में कोई गंभीर समस्या नहीं पाई गई है। अधिकारी ने कहा, “वह पहले ही जिम में रेगुलर ट्रेनिंग पर लौट चुके हैं, इसलिए फिलहाल कोई चिंता की बात नहीं है। हालांकि आगे की स्थिति पूरी तरह CoE में होने वाले असेसमेंट पर निर्भर करेगी। वह वहां चार से छह दिनों तक रहेंगे।”
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी थी चोट
श्रेयस अय्यर कुछ महीनों से इंजरी की वजह से टीम इंडिया से बाहर हैं। बता दें ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान तीसरे वनडे मैच में अय्यर पसलियों में चोट लगी थी, जिसकी वजह से उनको ICU तक में भर्ती होना पड़ा था। अभी अय्यर पूरी तरह से ठीक है। वहीं चोट की वजह से अय्यर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और उसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI से बाहर हो गए थे। भारत की अगली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होनी है, जबकि टीम का ऐलान 2 या 3 जनवरी के आसपास होने की उम्मीद है।