भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने क्रिकेट जगत में नया रिकॉर्ड बना दिया है। भारत की वनडे-टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को इस महीने का आईसीसी का प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड मिला। गिल ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब पांचवीं बार अपने नाम किया। इसके साथ ही वह पांच बार यह पुरस्कार जीतने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। वहीं महिलाओं में भारत की शेफाली वर्मा को ये खिताब मिला है। दोनों खिलाड़ियों को अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से नवाजा गया है।
बल्लेबाज शुभमन गिल ने सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए दो वनडे मैचों में 110 और 223 रन बनाए थे। उन्होंने तिरुवनंतपुरम और गुवाहाटी में खेले गए मुकाबलों में अपने बल्ले से खूब रन बटोरे। इसी बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर गिल ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार अपने नाम किया। इस खिताब की दौड़ में उन्होंने भारत के अभिषेक शर्मा और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को पीछे छोड़ दिया।
अभिषेक शर्मा ने सितंबर में भारत की ओर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें उन्होंने 82, 39 और 108 रन की शानदार पारियां खेलीं। इसके बाद जापान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों में 57, 45 और नाबाद 81 रन बनाए। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया और इस दौरान तीन विकेट अपने नाम किए।
गिल को पांचवी बार मिला ये अवॉर्ड
शुभमन गिल को मंगलवार को पांचवीं बार ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड मिला। इससे पहले वह जनवरी 2023, सितंबर 2023, फरवरी 2025 और जुलाई 2025 में भी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। गिल से पहले ये पुरस्कार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी संजू सैमसन थे, जिन्हें मार्च में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए चुना गया था। सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन, इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 89 रन की बेहतरीन पारियां खेली थीं। शुभमन गिल ने ICC की ओर से जारी बयान में पांचवीं बार प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, इस सम्मान के लिए चयन करने वाले पैनल का आभार जताया।