'दो साल में एक भी सीरीज नहीं हारे तो बदलाव क्यों?' कप्तानी से हटाए जाने पर सूर्यकुमार ने पहली बार तोड़ी चुप्पी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने के बाद सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कमान सौंपी गई। अब सूर्या ने पहली बार इस फैसले पर अपना रिएक्शन दिया है

अपडेटेड Aug 29, 2026 पर 11:50 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सूर्यकुमार ने माना कि अगरकर के इस फैसले को स्वीकार करना उनके लिए आसान नहीं था

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के बाद सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया। वर्ल्ड कप के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम की कमान सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को सौंपी गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन काफा खराब रहा। टीम आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हार गई। वहीं हाल ही में टीम से बाहर निकाले जाने पर टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने बताया कि टीम से बाहर होने की खबर सुनकर उन्हें शुरुआत में ज्यादा बुरा नहीं लगा। उन्होंने सेलेक्टर्स के फैसले को समझने की कोशिश की।

मुश्किल समय में रिलैक्स रहना जरूरी

सूर्यकुमार ने भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के YouTube चैनल पर बातचीत के दौरान कहा, “जब टीम में मेरा नाम नहीं था, तब मैं मुस्कुराया था। पिछले एक-दो साल से जब भी मैं टीम के साथ खेला हूं और दबाव की स्थिति आई है या चीजें मेरे मुताबिक नहीं हुईं, तो मैं हमेशा मुस्कुराकर खुद को शांत रखने की कोशिश करता हूं। मैंने अपने पुराने अनुभवों से यही सीखा है कि मुश्किल समय में रिलैक्स रहना जरूरी है। मुझे जब भी अच्छा प्रदर्शन करने के मौके मिले, मैं उसके लिए हमेशा शुक्रगुजार रहा हूं।”


अगले दो साल का प्लान तैयार था

सूर्यकुमार ने आगे कहा, “सच कहूं तो मैंने भी नहीं सोचा था कि ऐसे हालात बनेंगे। 2026 में मुझे लगा था कि मैं इस टीम को अगले दो साल तक आगे ले जाऊंगा। इसके बाद ओलंपिक्स और फिर एक और टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट आने थे। लेकिन आप क्या सोचते हैं और सामने वाला क्या सोचता है, दोनों अलग हो सकते हैं। इसलिए उनके फैसले और सोच का सम्मान करना जरूरी है। अगर चयनकर्ताओं को लगा कि भविष्य के लिए यह बेहतर फैसला है, तो उन्होंने वही किया। मैंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि यह उनका फैसला था। अगर आगे चलकर यह टीम किसी और की कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन करती है, तो मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है।”

सब सही था तब क्यों हुआ बदलाव

सूर्यकुमार ने माना कि अगरकर के इस फैसले को स्वीकार करना उनके लिए आसान नहीं था। उन्हें इसलिए भी बुरा लगा क्योंकि उनकी कप्तानी में भारत ने एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी थी और टीम का प्रदर्शन भी लगातार शानदार रहा था। सूर्या ने कहा, “मैंने जो टीम चुनी गई है, उसे देखा है। मैंने श्रेयस के साथ भी काफी क्रिकेट खेला है और मैं जानता हूं कि वह एक अच्छे खिलाड़ी, अच्छे इंसान और अच्छे कप्तान हैं। इसलिए मुझे यह नहीं लगा कि उन्हें कप्तान क्यों बनाया गया। लेकिन हां, मैं थोड़ा निराश जरूर था। क्योंकि मैंने दो साल में एक भी सीरीज नहीं हारी थी।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरी कप्तानी में हमने वर्ल्ड कप और एशिया कप भी जीता था। ऐसे में मुझे लगता था कि आगे भी सब कुछ इसी तरह अच्छा चलता रहेगा। मेरे मन में यही सवाल था कि जब सब ठीक चल रहा था, तो बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी? मैं करीब डेढ़ महीने तक घर पर बैठा रहा और यही सब सोचता रहा।”

मुझे फैसले पर यकिन नहीं हुआ

सूर्यकुमार ने आगे कहा, “मैं सोच रहा था कि ऐसा कैसे हो गया? यह कैसे हो सकता है? हमने अभी-अभी वर्ल्ड कप जीता था। हां, IPL में मेरा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा, जितना मैं चाहता था। उस समय हम घर पर ही थे। दोस्त और परिवार के लोग मिलने आए और सभी ने समझाया कि यह जिंदगी का हिस्सा है, सब ठीक हो जाएगा। लेकिन जब वे सभी चले जाते हैं और आप घर में अकेले होते हैं, तब बहुत सी बातें दिमाग में चलती रहती हैं।”

2-3 दिन पहले बताया गया

टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि टीम की घोषणा होने से करीब तीन दिन पहले चयन समिति ने उनसे बात की थी। SKY ने कहा, “टीम की घोषणा से 2-3 दिन पहले चयन समिति ने मुझे फोन किया था। उन्होंने बताया कि अब आगे बढ़ने का समय है। मैंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि मुझे लगा कि यह मेरा फैसला नहीं है। उन्होंने जो भी फैसला लिया होगा, उन्हें लगा होगा कि यह टीम के लिए आगे बेहतर साबित होगा। उन्होंने अपना फैसला लिया और मुझे इसकी जानकारी दी, इसमें कोई परेशानी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं पूरी तरह तैयार हूं। आप मुझे कभी भी फोन कर सकते हैं। मैं क्रिकेट खेल रहा हूं और खेलता रहूंगा। जब भी आपको लगेगा कि सही समय है और परिस्थितियां अनुकूल हैं, मैं तैयार रहूंगा।”

खराब फॉर्म से जूझ रहे थे सूर्या

सूर्यकुमार यादव के हाल के खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन को भी टीम से बाहर किए जाने की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। वह पिछले कुछ समय से लगातार बड़ी पारियां खेलने के लिए संघर्ष कर रहे थे। 2025 में उन्होंने भारतीय टीम के लिए एक भी अर्धशतक नहीं लगाया। टी20 वर्ल्ड कप में भी उनके बल्ले से सिर्फ एक बड़ी पारी निकली, जो USA के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में आई थी। हालांकि, कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी और घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।