Suryakumar Yadav: 'टीम से बाहर निकाले जाने पर दुख हुआ...' सूर्यकुमार यादव का फिर छलका दर्द, जानें क्या बोले पूर्व कप्तान

भारतीय टी20 टीम से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपना दर्द जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि लगातार पांच साल तक देश के लिए खेलने के बाद अचानक टीम से नजरअंदाज किए जाने से काफी दुख होता है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 2:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सूर्या को भारतीय टीम से बाहर किए जाने के बाद उनके करियर और वापसी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर के मुश्किल दौर को लेकर खुलकर बात की है। सूर्या पहले टी20 टीम के अहम खिलाड़ी थे और कप्तानी भी कर चुके हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह रन बनाने में नाकाम रहे। इसी वजह से उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी दी गई। सूर्या को भारतीय टीम से बाहर किए जाने के बाद उनके करियर और वापसी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हाल में सूर्यकुमार यादव ने टीम से निकाले जाने पर अपना दर्द शेयर किया है। पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि लगातार पांच साल तक क्रिकेट खेलने के बाद अचानक टीम में नजरअंदाज करने पर काफी दुख हुआ।

सूर्या का छलका दर्द

नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम से दूर रहना निश्चित रूप से दुख देता है। उन्होंने कहा, "आप लगातार पांच साल तक भारत के लिए खेलते हैं और फिर अचानक टीम का हिस्सा नहीं होते, तो यह तकलीफ देता है। लेकिन क्रिकेट में ऐसा होता रहता है और यही इस खेल का हिस्सा है।" फिलहाल सूर्यकुमार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं। मुंबई की टीम सोमवार को नागपुर में होने वाले सुपर लीग मुकाबले में आंध्र प्रदेश से खेलेगी।


भविष्य को लेकर ज्यादा नहीं सोचते

सूर्यकुमार ने कहा कि, "क्रिकेट का खेल उन्हें बहुत कुछ सिखाता है। पिछले दो सालों और आईपीएल के बाद भी उन्होंने इस खेल से काफी कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में सीखने के लिए बहुत कुछ है और जैसा कि कहा जाता है, हर मुश्किल समय के बाद अच्छा समय जरूर आता है।" भारत के पूर्व कप्तान ने ये भी कहा कि वह भविष्य को लेकर ज्यादा दूर तक नहीं सोच रहे हैं और फिलहाल अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं।

बल्लेबाजी में नहीं थी कोई कमी

सूर्या ने कहा कि, "आईपीएल अभी काफी दूर है और उससे पहले कई अन्य टूर्नामेंट खेले जाने हैं। उन्होंने बताया कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी और फिर रणजी ट्रॉफी का दूसरा चरण होगा। इसलिए फिलहाल आईपीएल के बारे में सोचना जल्दबाजी होगी।" खराब फॉर्म के कारण कप्तानी और भारतीय टीम में जगह गंवाने के बावजूद सूर्यकुमार यादव का कहा कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी को लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि, "उन्हें नहीं लगता कि उनकी बल्लेबाजी में कोई कमी आई है, क्योंकि वह पिछले पांच सालों से इसी अंदाज में खेल रहे हैं। सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने भारत और मुंबई दोनों के लिए खेलते हुए हमेशा अपनी बल्लेबाजी का आनंद लिया है।"

बता दें बीसीसीआई ने 6 जून 2026 को भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव करते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया। यह फैसला आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए टीम की घोषणा के दौरान लिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।