Suryakumar Yadav: भारतीय टीम इस समय 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा मुकाबला क्वींसलैंड के कैरारा ओवल में खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से मात देकर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में सूर्या मजाक में अभिषेक शर्मा की खिंचाई करते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए ओपनिंग की और 21 गेंदों में 28 रन बनाए। अभिषेक ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 6.4 ओवर में 56 रन जोड़े। हालांकि उनका स्ट्राइक रेट 133.33 रहा, जो उनके औसत 189.83 से थोड़ा कम था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मजाक में अभिषेक शर्मा को उनकी धीमी बल्लेबाजी को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में छेड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सूर्यकुमार यादव मजाक में कहते हुए नजर आए, “कभी शेर को घास खाते देखा है?” फिर हंसते हुए उन्होंने जोड़ा, “आज शेर घास खा रहा था, धीरे-धीरे करके।”
भारत और ऑस्ट्रेलिया का चौथा मैच
चौथे टी20 मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की टीम को 169 रनों का टारगेट मिला। टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी पारी 18.2 ओवर में सिर्फ 119 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में वाशिंगटन सुंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1.2 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
सूर्या ने की पूरी टीम की तारीफ
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, “यह जीत पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। सभी बल्लेबाजों को श्रेय जाता है, खासकर अभिषेक और शुभमन को, जिन्होंने पावरप्ले में शानदार शुरुआत दी। उन्हें जल्दी ही समझ आ गया था कि यह 200 से ज्यादा रन बनाने वाली पिच नहीं है, इसलिए उन्होंने समझदारी से बल्लेबाजी की। हर खिलाड़ी ने अपना योगदान दिया और ये सच में एक टीम एफर्ट था। बाहर से भी संदेश साफ थे, मैं और गौतम भाई एक ही सोच पर थे। गेंदबाजों ने भी हालात को जल्दी समझा और ओस होने के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया।” अब सीरीज का पांचवा और आखिरी टी20 मुकाबला 8 नवंबर को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा।