ट्राई नेशन सीरीज का फाइनल मुकाबला इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दांबुला में 21 जून को खेला जाएगा। वहीं इस ट्राई नेशन सीरीज में फैंस की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर होगी। वहीं पिछले कुछ मुकाबलों में वैभव का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। वैभव सूर्यवंशी के फॉर्म पर इंडिया ए टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने बड़ा बयान दिया है। तिलक वर्मा ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
श्रीलंका ‘A’ और अफगानिस्तान ‘A’ के खिलाफ ट्राई-सीरीज में संघर्ष करने के बावजूद तिलक ने भरोसा जताया कि 15 वर्षीय बल्लेबाज सीनियर स्तर की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है।
तिलक वर्मा ने स्पोर्टस्टार से कहा, "जब वह सीनियर पुरुष टीम में पहुंचेगा तो उसके सामने निश्चित रूप से बड़ी चुनौतियां होंगी। वह अंडर-19 क्रिकेट से आया है, IPL में उसका प्रदर्शन शानदार रहा और अब वह सीनियर टीम का रिप्रेजेंट कर रहा है। लेकिन वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। अगर उसका दिन अच्छा हो तो वह अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकता है। उसके जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए सबसे जरूरी चीज समर्थन है। उन्हें खुलकर खेलने की आजादी मिलनी चाहिए।"
तिलक ने वैभव को दी ये खास सलाह
तिलक वर्मा ने कहा, "मैंने वैभव से कहा है कि वह अपना स्वाभाविक खेल खेलता रहे, मैच का आनंद ले और किसी तरह का दबाव न ले। उसकी उम्र में सीखना और खुद को खुलकर व्यक्त करना सबसे अहम है। उसने अब तक जो भी सफलता हासिल की है, वह पॉजिटिव और बेखौफ क्रिकेट खेलने की वजह से मिली है, इसलिए उसे अपना तरीका बदलने की जरूरत नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "कप्तान के तौर पर मैंने उससे कहा है कि अगर उसे किसी भी मदद की जरूरत हो तो मैं हमेशा उसके साथ हूं। बस सीखते रहो, खेल का आनंद लेते रहो और अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखो। हम सभी उसका समर्थन कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करेगा। अगर वह अपनी लय में खेला, तो हम सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकता है।"
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 766 रन बनाए थे। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें इंडिया ‘A’ टीम में मौका मिला और आयरलैंड व इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पहली बार राष्ट्रीय टीम में भी चुना गया। वहीं श्रीलंका में चल रही ट्राई-सीरीज में वह अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। वैभव ने चार मैचों में 29.25 के एवरेज और 153.95 के स्ट्राइक-रेट से सिर्फ 117 रन बनाए हैं। वहीं श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर तक पहुंचे रोमांचक मुकाबले में हार के बाद उन्हें आलोचनाओं और बढ़ती चर्चा का भी सामना करना पड़ रहा है।