IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के बाद अब 5 मैचों की टी20 सीरीज खेला जाएगा। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी एक्शन में नजर आ सकते हैं। वहीं पहले मुकाबले से पहले वैभव के खेलने को लेकर बड़ा अपडेट आया है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले T20I में भारत की प्लेइंग XI में बदलाव देखने को मिल सकता है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में टीम से बाहर रखा जा सकता है। अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन के पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच से पहले भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि, सूर्यवंशी के लिए सीनियर खिलाड़ियों के साथ ज्यादा समय बिताना बेहद जरूरी है।
वैभव को लेकर कोच ने क्या कहा
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्ने मोर्कल ने कहा, "हम सभी वैभव के टैलेंट से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वह जितना ज्यादा समय इस माहौल में अच्छे खिलाड़ियों के साथ बिताएगा और जितना अधिक इस स्तर पर ट्रेनिंग करेगा, उतना ही यह उसके क्रिकेट के लिए फायदेमंद होगा।" मोर्कल ने आगे कहा कि सूर्यवंशी टीम के साथ रहकर, अनुभवी खिलाड़ियों को देखकर और उनकी तैयारी के साथ-साथ बल्लेबाजी के तरीके को समझकर काफी कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने कहा, "अगर उसे खेलने का मौका नहीं मिल रहा है, तो भी वह बस, डगआउट और होटल में काफी अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ समय बिता रहा है।"
बॉलिंग कोच मोर्कल ने पहले T20I के लिए भारत की ओपनिंग जोड़ी को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि प्लेइंग XI तय करने से पहले टीम सभी उपलब्ध ऑप्शनों पर विचार करेगी। मोर्कल ने कहा, "मेरा मतलब है कि एशियन गेम्स में अभिषेक और सूर्यवंशी ने ही पारी की शुरुआत की थी। अब हम आज रात फैसला करेंगे कि इस सीरीज के लिए हमारे लिए सबसे सही ओपनिंग कॉम्बिनेशन क्या रहेगा।"
सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की थी। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T20I में संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। ऐसे में 15 साल के सूर्यवंशी को इस मुकाबले में प्लेइंग XI से बाहर बैठना पड़ सकता है। मोर्कल ने बताया कि, एशियन गेम्स के बाद खिलाड़ियों को आराम का ज्यादा समय नहीं मिला और कई खिलाड़ी कुछ दिन पहले ही भारत लौटे हैं। इसलिए टीम चुनते समय खिलाड़ियों की यात्रा और थकान को भी ध्यान में रखा जाएगा। सूर्यवंशी भारत की एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। वैभव टीम के सभी मुकाबले खेले थे, लेकिन बल्लेबाजी में वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहें।