Sanju Samson vs Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम में टी20 ओपनिंग स्लॉट को लेकर बहस तेज छिड़ी हुई है। एक तरफ वर्ल्ड कप जिताने वाले संजू सैमसन है तो दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी। इसी बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने टीम मैनेजमेंट को बड़ी सलाह दी है। बद्रीनाथ का मानना है कि 15 साल के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को अभी थोड़ा इंतजार कराना चाहिए और संजू सैमसन को लगातार कम से कम 10 मैचों तक ओपनिंग का मौका मिलना चाहिए।
अफगानिस्तान के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भारत 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। दूसरे टी20 में संजू सैमसन ने महज 22 गेंदों में 57 रनों की आतिशी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी का ऐलान किया। इसके बावजूद 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को बेंच पर बैठाए जाने को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। जानिए बद्रीनाथ ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी को लेकर क्या-क्या कहा।
'अदला-बदली बंद करो, सैमसन के साथ अन्याय मत करो'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल 'Cric it with Badri' पर टीम मैनेजमेंट के खिलाड़ियों को बार-बार बदलने के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को अगली सीरीज के बाद भी कम से कम 10 टी20 मैचों में लगातार ओपनिंग करानी चाहिए। इसके बाद अगर संजू सैमसन लगातार फ्लॉप होते हैं, तब उन्हें ड्रॉप करके वैभव सूर्यवंशी को मौका दीजिए। हर सीरीज में खिलाड़ियों को आपस में बदलने के बजाय एक तय प्रक्रिया अपनानी चाहिए। संजू सैमसन के साथ बार-बार ऐसा करना नाइंसाफी है।'
बद्रीनाथ के मुताबिक, संजू सैमसन पहले से ही रेस में आगे थे और उन्होंने भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में एक युवा खिलाड़ी को लाने के लिए किसी फॉर्म में चल रहे सीनियर को अचानक ड्रॉप करना सही नहीं है।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का धमाकेदार फॉर्म
अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में भारत की ओपनिंग जोड़ी ने विरोधी गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई हैं। अभिषेक शर्मा ने पहले T20 में महज 32 गेंदों में 82 रन (7 चौके, 7 छक्के) बनाए। भारत ने 157 रनों का लक्ष्य 38 गेंदें बाकी रहते ही हासिल कर लिया। नई दिल्ली में खेले गए दूसरे मैच में संजू ने 22 गेंदों पर 57 रन ठोक डाले। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद यह उनका पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक है।
दिल्ली में क्लीन स्वीप पर भारत की नजरें
अफगानिस्तान को पहले दो मैचों में करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय टीम गुरुवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला खेलेगी। सीरीज पहले ही 2-0 से जेब में होने के बावजूद कप्तान और कोचिंग स्टाफ संजू-अभिषेक की जोड़ी के साथ ही मैदान पर उतर सकते हैं, जिससे वैभव सूर्यवंशी को फिलहाल डगआउट में ही इंतजार करना पड़ सकता है।
जिम्बाब्वे दौरे पर चमकने के बावजूद क्यों बाहर हैं वैभव सूर्यवंशी?
15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया था। वैभव ने जिम्बाब्वे दौरे पर 196.10 के आक्रामक स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए थे और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। अब वैभव के फैंस उनके जबरदस्त प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर रहने पर सवाल खड़े कर रहे हैं।