24 दिसंबर से शुरू हुए विजय हजारे ट्रॉफी 2025 का पहला ही दिन काफी धमाकेदार रहा है। इस दिन एक नहीं बल्कि बिहार और झारखंड के तीन खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला है। एक ही दिन में वैभव सूर्यवंशी, सकीबुल गनी और ईशान किशन के बल्ले से निकली इन पारियों ने विजय हजारे ट्रॉफी में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। टीम इंडिया से दूर रहे ईशान किशन ने ऐसा कमबैक किया है कि रिकार्ड बुक में दर्ज हो गए हैं। कुछ दिन पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले से आग उगलने वाले ईशान किशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में गेंद के धागे खोल दिए।
33 गेंदों में ठोंका शतक
ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज़्यादा रन बनाए और अपने शानदार बल्लेबाज़ी प्रदर्शन के दम पर T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह हासिल की। पटना के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बुधवार, 24 दिसंबर को दो साल से ज़्यादा समय बाद भारतीय टीम में वापसी का जश्न एक बेहतरीन पारी के साथ मनाया। विजय हज़ारे ट्रॉफी में झारखंड के पहले मैच में ईशान नंबर 6 पर बल्लेबाज़ी करने उतरे और सिर्फ़ 39 गेंदों में 125 रन ठोक दिए। उन्होंने महज़ 33 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट-A क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज़ का दूसरा सबसे तेज़ शतक है। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ़ 7 चौके और 14 छक्के लगाए और नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ग्राउंड ‘B’ पर झारखंड को 412/9 के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी
लिस्ट-A मैचों में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड साकिबुल गनी के नाम है, जो बिहार के खिलाड़ी हैं। वहीं, लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ जेक फ्रेज़र‑मैकगर्क के नाम दर्ज है। उन्होंने 8 अक्टूबर 2023 को एडिलेड में तस्मानिया के खिलाफ साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए सिर्फ़ 29 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। इस मैच में झारखंड की ओर से ईशान किशन के अलावा विराट सिंह ने 68 गेंदों में 88 रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र ने 47 गेंदों में 63 रन की अहम पारी खेली।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।