Virat Kohli Record: विराट कोहली ने रचा इतिहास! वनडे क्रिकेट में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने; रिकी पोंटिंग को छोड़ा पीछे

Virat Kohli Record: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की 74 रन की शानदार पारी की बदौलत भारत ने बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड में बारिश से प्रभावित पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया। यह 50 ओवर के प्रारूप में कोहली का 80वां अर्धशतक है। कोहली ने यह अर्धशतक अपने 38वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले बनाया है

अपडेटेड Nov 04, 2026 पर 4:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Virat Kohli Record: कोहली की इस उपलब्धि की खास बात सिर्फ 13 हजार रन नहीं हैं, बल्कि वह जिस निरंतरता के साथ इस मुकाम तक पहुंचे हैं, वह भी उल्लेखनीय है

Virat Kohli Record: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ ली है। बुधवार (4 नवंबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में कोहली ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो आज तक दुनिया का कोई बल्लेबाज हासिल नहीं कर सका था। वह वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ दिया है।

सिर्फ 12 रन बनाते ही हासिल कर लिया बड़ा मुकाम

विराट कोहली इस मुकाबले में उतरने से पहले नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 12,988 रन बना चुके थे। उन्हें 13,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 12 रनों की जरूरत थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान उन्होंने अपनी 13वीं गेंद पर 12वां रन बनाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। इस रिकॉर्ड के साथ कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया।


रिकी पोंटिंग को छोड़ा पीछे, दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज

नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दिग्गज क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर में इस पोजिशन पर 12,662 रन बनाए थे। वहीं, कोहली अब 13,000 रनों का आंकड़ा पार कर पोंटिंग से आगे निकल चुके हैं। बता दें कि वनडे क्रिकेट के इतिहास में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 10,000 रन बनाने वाले विराट कोहली और रिकी पोंटिंग ही दो बल्लेबाज हैं।

251 पारियों में हासिल किया यह मुकाम

विराट कोहली की इस उपलब्धि की खास बात सिर्फ 13 हजार रन नहीं हैं। बल्कि वह जिस निरंतरता के साथ इस मुकाम तक पहुंचे हैं, वह भी उल्लेखनीय है। उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी 251वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ। इस पोजिशन पर उनका औसत 61 से ज्यादा का रहा है। उनके नाम नंबर-3 पर 48 शतक और 69 अर्धशतक भी दर्ज हैं। दूसरी तरफ रिकी पोंटिंग ने 330 पारियों में 12,662 रन बनाए थे।

कोहली के कमाल से भारत ने जीता पहला वनडे

तेज गेंदबाजों के कमाल और विराट कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने बारिश से प्रभावित पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (70 रन देकर चार विकेट), गुरनूर बराड़ (44 रन देकर तीन) और अंशुल कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने मिलकर 9 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में में 185 रन पर ढेर कर दिया।

बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया। इसके बाद 2.1 ओवर का खेल ही हो पाया था कि फिर से बारिश आ गई। खेल शुरू होने पर भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया।

कोहली ने ठोके 51 रन

भारत ने कोहली (51 गेंद पर 74 रन, 13 चौके, एक छक्का) और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की मदद से 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है।

पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था। भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे। उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती।

अब केवल वनडे फॉर्मेट में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया। इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाए। गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया। उन्होंने अपनी 56 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए।

जैकब डफी (49 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा। टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया। डफी ने श्रेयस अय्यर (15) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। नमन धीर (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया।

ये भी पढ़ें- Aber Kawas: कौन हैं अबर कवास? न्यूयॉर्क की पहली फिलिस्तीनी-अमेरिकी और हिजाब पहनने वाली महिला बनीं स्टेट सीनेटर

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।