Virat Kohli Record: IPL में विराट कोहली ने ज्यों ही KKR के खिलाफ खेली ताबड़तोड़ 105 रनों की पारी, टूट गए ये सारे बिग रिकॉर्ड

Virat Kohli Record: आईपीएल 2026 में रनों की मशीन विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोहली ने अपनी टीम को 6 विकेट से यादगार जीत दिलाई।

अपडेटेड May 14, 2026 पर 9:15 AM
Story continues below Advertisement
IPL 2026 में विराट कोहली ने KKR के खिलाफ खेली 105 रनों की पारी

Virat Kohli Record: आईपीएल 2026 में रनों की मशीन विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोहली ने न सिर्फ अपनी टीम को 6 विकेट से यादगार जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने महज 60 गेंदों में 105 रनों की नाबाद पारी खेली। बुधवार को रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में आरसीबी (RCB) ने केकेआर को 6 विकेट से रौंद दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी को केकेआर ने 193 रनों का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने अपनी पारी के 78वें रन पर पहुंचते ही वह मुकाम हासिल कर लिया, जो आज तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर सका था।

टी20 क्रिकेट में 14,000 रन: पहले भारतीय और सबसे तेज बल्लेबाज, गेल का रिकॉर्ड तोड़ा

विराट कोहली अब टी20 क्रिकेट के इतिहास में 14000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय और दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने यह कारनामा महज 409 पारियों में कर दिखाया, जबकि क्रिस गेल ने इसके लिए 423 पारियां ली थीं। अब कोहली दुनिया में सबसे तेज 14000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अब कोहली उस एलीट लिस्ट में शामिल हैं जिसमें क्रिस गेल (14562), कीरोन पोलार्ड (14482), एलेक्स हेल्स (14449), डेविड वार्नर (14284) और जोस बटलर (14200) शामिल हैं।


रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी

इस मैच में 105 रनों की विनिंग पारी के लिए विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह आईपीएल इतिहास में उनका 21वां अवॉर्ड था। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में सर्वाधिक 'प्लेयर ऑफ द मैच' जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी के तौर पर रोहित शर्मा (21) की बराबरी कर ली है। इस सूची में एम एस धोनी 18 अवॉर्ड्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

आईपीएल में शतकों का 'नवग्रह'

विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ अपना 9वां आईपीएल शतक जड़ा। वह आईपीएल इतिहास में 9 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं, उन्होंने जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए यह कोहली का तीसरा आईपीएल शतक था, इसके साथ ही उन्होंने जोस बटलर (3) की बराबरी कर ली और बेन स्टोक्स (2) को पीछे छोड़ दिया। केकेआर के खिलाफ यह कोहली का दूसरा शतक था। अब वह जोस बटलर के बाद दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो अलग-अलग आईपीएल टीमों के खिलाफ 2-2 शतक लगाए हैं।

टी20 क्रिकेट में 10 शतकों का आंकड़ा

विराट कोहली के नाम अब कुल 10 टी20 शतक हो गए हैं। वह टी20 फॉर्मेट में 10 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने डेविड वार्नर (10 शतक) की बराबरी कर ली है। इस सूची में सबसे ऊपर क्रिस गेल (22) और दूसरे स्थान पर बाबर आजम (13) हैं।

भारतीय बल्लेबाजों में बादशाहत बरकरार

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की सूची में कोहली (14,000+) शीर्ष पर हैं। उनके बाद रोहित शर्मा (12,491 रन) दूसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

यह भी पढ़ें: PBKS vs MI Pitch Report: जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी पंजाब, मुंबई से होगा मुकाबला, जानें कैसी होगी धर्मशाला की पिच

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।