PBKS vs MI Pitch Report: जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी पंजाब, मुंबई से होगा मुकाबला, जानें कैसी होगी धर्मशाला की पिच

PBKS vs MI Pitch Report: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह मजबूत करने के इरादे से पंजाब किंग्स धर्मशाला में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी। दोनों ही टीमें अपना पिछला मुकाबला हारकर यहां आई हैं। आईपीएल 2026 में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से मात दी थी। मुंबई और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले के लिए कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

अपडेटेड May 13, 2026 पर 7:26 PM
Story continues below Advertisement
PBKS vs MI Pitch Report: पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच आईपीएल 2026 का 58वां मुकाबला खेला जाएगा

PBKS vs MI Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 यानी आईपीएल का पड़ाव अब अपने प्लेऑफ की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। वहीं प्लेऑफ के लिए बची हुई 8 टीमों के बीच मुकाबला है। पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच आईपीएल 2026 का 58वां मुकाबला 14 मई को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले में जीत हासिल कर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगी।

पंजाब किंग्स लगातार चार हार के बाद इस मुकाबले में उतरेगी और टीम जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करना चाहेगी। वहीं मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है वहीं अब टीम के पास बाकी के मैचों में सम्मान बचाने की लड़ाई है। दोनों टीमों का इस सीजन का ये दूसरा मुकाबला है। इससे पहले जब वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने थी तो पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से मात दी थी।

आईपीएल 2026 में एमआई का प्रदर्शन


मुंबई इंडियंस ने इस सीजन 11 मैचों में सिर्फ तीन जीत हासिल की हैं और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार के बाद मुंबई इंडियंस आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। अब पांच बार की चैंपियन टीम अपने बाकी मुकाबले जीतकर सीजन का अंत बेहतर तरीके से करना चाहेगी।

आईपीएल 2026 में पंजाब का प्रदर्शन

पंजाब किंग्स इस समय 11 मैचों में छह जीत के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। वहीं टीम लगातार चार हार की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रही है। अब पंजाब किंग्स की कोशिश अगले मुकाबले में जीत हासिल कर फिर से जीत की राह पर लौटने की होगी।

पंजाब-मुंबई में किसका पलड़ा भारी

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच अब तक आईपीएल में 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पंजाब किंग्स ने 18 मैच जीते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस को 17 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा कड़ा देखने को मिलता है।

PBKS-MI की संभावित प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स (PBKS) की संभावित प्लेइंग 11

प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को जेनसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, यश ठाकुर

इम्पैक्ट प्लेयर: शशांक सिंह

मुंबई इंडियंस (MI) की संभावित प्लेइंग 11

रायन रिकल्टन (विकेट कीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, एएम गजनफर, जसप्रीत बुमराह

इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा

कैसी होगी धर्मशाला की पिच

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम देश के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में से एक माना जाता है। धर्मशाला की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रहती है, जहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। यहां की काली मिट्टी वाली पिच पर अच्छा बाउंस मिलता है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल पाते हैं। वहीं ऊंचाई वाले इलाके में होने की वजह से गेंद हवा में तेजी से जाती है, जिसके कारण इस मैदान पर लंबे छक्के और हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं।

कैसा होगा धर्मशाला का मौसम

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच के दौरान धर्मशाला का मौसम क्रिकेट के लिए अच्छा रहने की उम्मीद है। गुरुवार शाम को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस और नमी 50 प्रतिशत रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना सिर्फ 1 प्रतिशत है, इसलिए पूरे मैच के बिना किसी रुकावट के होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।