Virat Kohli Record: आईपीएल 2026 में रनों की मशीन विराट कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोहली ने न सिर्फ अपनी टीम को 6 विकेट से यादगार जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने महज 60 गेंदों में 105 रनों की नाबाद पारी खेली। बुधवार को रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में आरसीबी (RCB) ने केकेआर को 6 विकेट से रौंद दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी को केकेआर ने 193 रनों का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने अपनी पारी के 78वें रन पर पहुंचते ही वह मुकाम हासिल कर लिया, जो आज तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर सका था।
