भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली अब टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहली ने इस बारे में अपना मन बना लिया है और बीसीसीआई को भी इसकी जानकारी दे दी है। ऐसे में उनके इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया का हिस्सा बनने की संभावना बेहद कम हो गई है। टेस्ट फॉर्मेट में भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले कोहली के इस फैसले ने फैंस को चौंका दिया है। हाल ही में रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर एक युग के अंत का संकेत दे दिया था। अब कोहली के संन्यास की खबर ने क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर दिया है।
हालांकि बीसीसीआई ने कोहली से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चयन समिति क्या निर्णय लेती है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने विराट से आग्रह किया है कि वो अपने फैसले पर एक बार फिर विचार करें। अब सबकी निगाहें चयन समिति पर टिकी हैं—क्या विराट को एक और मौका मिलेगा?
7 मई को रोहित शर्मा ने रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कहकर फैंस को चौंका दिया था। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने टेस्ट संन्यास की घोषणा की। रोहित की तरह विराट ने भी 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद छोटे फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया था।
वनडे में जरूर दिखेगी ROKO जोड़ी की धमक
हालांकि फैंस के लिए राहत की बात ये है कि रोहित और कोहली की जोड़ी वनडे क्रिकेट में एक बार फिर जादू बिखेरती नजर आ सकती है। ROKO (Rohit-Kohli) जोड़ी ने कई यादगार पारियां दी हैं, और वनडे में उनका जलवा बरकरार रहेगा।
IPL पर भी पड़ा तनाव का असर
फिलहाल दोनों दिग्गज आईपीएल में खेलते नजर आए थे, लेकिन भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते टूर्नामेंट को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में फैंस को अपने पसंदीदा सितारों की बैटिंग देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।