IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। वहीं टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए बुरी खबर आ रही है। भारत के ऑलराउडंर वाशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन की चोट के वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वाशिंगटन सुंदर अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी से 31 जनवरी के 5 मैचों की टी20 खेली जाएगी।
बता दें वॉशिंगटन सुंदर को ये चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में गेंदबाजी के दौरान लगी थी, जब उनकी बाईं निचली पसली में दर्द महसूस हुआ। चोट गंभीर होने के चलते वह पहले ही तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो चुके थे और अब टी20 सीरीज में भी वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
BCCI के एक अधिकारी ने PTI को बताया, "वॉशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन की वजह से NZ के खिलाफ T20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।" वॉशिंगटन सुंदर 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए फिट नहीं हो पाएंगे। साइड स्ट्रेन की चोट से उबरने में समय लगने के कारण उन्हें सीरीज से बाहर कर दिया गया है। हालांकि बीसीसीआई इस पर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है।
तिलक वर्मा भी तीन मैचों से हुए बाहर
वॉशिंगटन सुंदर की चोट को लेकर अब 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है। उनकी फिटनेस को लेकर टीम मैनेजमेंट सतर्क है। वहीं तिलक वर्मा भी चोट की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैच नहीं खेल पाएंगे। तिलक को ग्रोइन में गंभीर चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।
BCCI ने अपने पोस्ट में बताया था कि, "26 साल के सुंदर को पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय बाईं निचली पसली में तेज दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। अब उनका आगे स्कैन कराया जाएगा, जिसके बाद BCCI की मेडिकल टीम विशेषज्ञों की राय लेकर आगे का फैसला करेगी।"