इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के लिए खेलने वाले भारतीय क्रिकेटर अभिषेक पोरेल मुश्किल में फंस गए हैं। आईपीएल में पिछले चार सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे पोरेल को सोमवार रात हुगली जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया। उन पर एक महिला ने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्रिकेटर को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं कौन है अभिषेक पोरेल
हुगली (रूरल) के पुलिस सुपरिटेंडेंट कुनार भूषण सिंह ने बताया, "अभिषेक पोरेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उनकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से आदेश भी जारी हुआ था। उन्हें सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।"
कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस थाने में अभिषेक पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा का आरोप है कि, दोनों करीब साढ़े तीन साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की टीम कई बार चंदननगर स्थित पोरेल के घर भी पहुंची, लेकिन उस समय वह घर पर नहीं मिले। पुलिस ने अभिषेक पोरेल को सोमवार देर रात मोगरा इलाके से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है। मामले में BNS की धारा 69 भी शामिल है।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल की टीम का भी हिस्सा रहे हैं। अभिषेक पोरेल बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर हैं। साल 2023 में ऋषभ पंत के सड़क हादसे के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने अभिषेक पोरेल को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया था। इसके बाद दिल्ली ने उनको रिटेन भी किया। 2023 में आईपीएल डेब्यू के बाद से अब तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 मैच खेल चुके हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने टीम के लिए चार मुकाबले खेले और चार पारियों में कुल 108 रन बनाए। इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल ने की थी।
वहीं बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 32 मैच खेलकर 1408 रन बनाए हैं। 23 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 833 रन और 61 टी20 मैचों में 1590 रन हैं। पोरेल ने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया है। वह अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग के लिए भी जाने जाते हैं।