Aryaman Birla: मध्य प्रदेश और राजस्थान रॉयल्स के पूर्व ओपनर आर्यमान बिरला मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चेयरमैन बन गए है। यह बदलाव तब हुआ जब आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन ने मिलकर इस फ्रेंचाइजी को खरीद लिया।
नई व्यवस्था के तहत, आदित्य बिरला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमान चेयरमैन के रूप में कार्य करेंगे, जबकि टाइम्स ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन का पद संभालेंगे।
इस कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स के फाउंडर डेविड ब्लिट्जर और BXPE के CEO वायरल पटेल भी शामिल हैं।
आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला के बेटे हैं आर्यमान। वह घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया है। वेंकटेश अय्यर वह ऑलराउंडर हैं, जिन्हें ऑक्शन में 7 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।
आर्यमान ने नवंबर 2017 में ओडिशा के खिलाफ फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया, जहां उन्होंने पाटीदार के साथ पारी की शुरुआत की। उनका फर्स्ट-क्लास क्रिकेट करियर एक साल से थोड़ा अधिक चला, उनका आखिरी मैच जनवरी 2019 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ था। उन्होंने नौ मैचों में 27.6 के औसत से 414 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
आर्यमान ने सितंबर 2018 में हैदराबाद के खिलाफ अपना लिस्ट-A डेब्यू किया। उनका लिस्ट-A करियर सिर्फ एक हफ्ते तक चला, जिसमें उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ आखिरी मैच खेला। उन्होंने तीन मैचों में 12 के निराशाजनक औसत से 36 रन बनाए।
आर्यमान ने IPL 2018 की मेगा नीलामी में हिस्सा लिया और राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और 2020 सीजन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया।
आर्यमान बिरला ने उस समय इंस्टाग्राम पर लिखा था, “मैं फंसा हुआ महसूस कर रहा था। मैंने अब तक तमाम मुश्किलों का सामना किया है, लेकिन अब मुझे अपनी मानसिक सेहत और तंदुरुस्ती को सबसे ऊपर रखने की जरूरत महसूस हो रही है। हम सभी की अपनी-अपनी यात्राएं होती हैं और मैं इस समय का उपयोग खुद को बेहतर ढंग से समझने, नए और अलग-अलग नजरिए को अपनाने और अपने अनुभवों में उद्देश्य खोजने के लिए करना चाहता हूं।”