Rajeev Shukla: क्या रोहित और विराट की जल्द होगी विदाई? BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दिया बड़ा बयान!

Rajeev Shukla on Virat and Rohit: राजीव शुक्ला ने यह भी कहा कि BCCI किसी भी खिलाड़ी को संन्यास लेने के लिए नहीं कहती है। यह फैसला पूरी तरह से खिलाड़ी का अपना होता है। जब कोई खिलाड़ी संन्यास लेने का फैसला करता है, तो बोर्ड उसके फैसले का सम्मान करता है

अपडेटेड Aug 23, 2025 पर 11:03 AM
Story continues below Advertisement
राजीव शुक्ला ने हैरानी जताते हुए कहा कि, अभी क्यों फेयरवेल के लिए परेशान हो रहे हो?

Rajeev Shukla: भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस के बीच इस बात को लेकर काफी चर्चा है कि क्या दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज उनके करियर की आखिरी सीरीज हो सकती है। इस पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इन सभी अटकलों पर एक बड़ा बयान दिया हैं। आइए आपको बताते हैं आखिर क्या कहा है उन्होंने।

'अभी रिटायर कहां हुए हैं, दोनों अच्छा खेल रहे हैं'

यूपी टी20 लीग के दौरान एक इंटरव्यू में जब राजीव शुक्ला से पूछा गया कि क्या रोहित और विराट को सचिन तेंदुलकर जैसा 'फेयरवेल' मिलेगा? इस सवाल पर उन्होंने हैरानी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'अभी वो रिटायर कहां हुए हैं? अभी रोहित शर्मा-विराट कोहली दोनों वनडे खेलेंगे... अभी रिटायर की बात क्यों कर रहे हैं? आप उनकी विदाई की बात क्यों कर रहे हैं?'


राजीव शुक्ला ने साफ किया कि दोनों खिलाड़ी अभी भी काफी फिट हैं और अच्छा खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'विराट कोहली बहुत फिट हैं, अच्छा खेल रहे हैं, रोहित शर्मा बहुत अच्छा खेलते हैं। अभी क्यों फेयरवेल के लिए परेशान हो रहे हो?'

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में दिखेंगे दोनों रोहित-कोहली

इस दौरान राजीव शुक्ला ने किसी भी खिलाड़ी के संन्यास को लेकर BCCI की नीति के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि BCCI किसी भी खिलाड़ी को संन्यास लेने के लिए नहीं कहती है। यह फैसला पूरी तरह से खिलाड़ी का अपना होता है। जब कोई खिलाड़ी संन्यास लेने का फैसला करता है, तो बोर्ड उसके फैसले का सम्मान करता है। उन्होंने आगे कहा कि जब कोहली और रोहित खुद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला करेंगे, तब फैंस उनसे उचित विदाई की बात कह सकते हैं। फिलहाल, दोनों खिलाड़ी अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये दोनों खिलाड़ी 2027 का वनडे विश्व कप खेल पाएंगे या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।