युवराज सिंह और इंडियन प्रीमियर लीग को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। युवराज सिंह IPL में दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट और बैटिंग कोच बन गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया। बता दें कि, टीम के हेड कोच सौरव गांगुली हैं। वहीं युवराज पहली बार किसी टीम की कोचिंग करेंगे। युवराज 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेले थे।
दिल्ली में युवराज की एंट्री
युवराज इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके हैं, लेकिन अब वह नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों को भी तराशा है। अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर युवराज सिंह ने कहा कि, वह दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने के लिए काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि इस टीम के साथ उनका पुराना रिश्ता रहा है और वह फ्रेंचाइजी के मालिकों को भी अच्छी तरह जानते हैं। युवराज ने कहा कि इस बार वह भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ कोच के रूप में काम करने को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि कोचिंग में उनकी काफी दिलचस्पी है और वह टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं।
टीम के साथ कोचिंग भी दमदार
युवराज को उम्मीद है कि यह सफर उनके लिए शानदार रहेगा और वह टीम की सफलता में अहम योगदान देंगे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन पार्थ जिंदल ने युवराज सिंह का टीम में स्वागत करते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि युवराज भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद की है। जिंदल के मुताबिक, युवराज का अनुभव, जीत हासिल करने की सोच और खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने की क्षमता टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने युवराज को उनकी पहली आधिकारिक कोचिंग की जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं। जिंदल ने कहा कि युवराज की टीम में वापसी दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े सभी लोगों के लिए खास है और उन्हें सौरव गांगुली व बाकी कोचिंग स्टाफ के साथ काम करते देखना दिलचस्प होगा।