Yuzvendra Chahal : अपने प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक बड़ा खुलासा किया है। चहल ने हाल ही में धनश्री वर्मा (Dhanshree Verma) से तलाक और उस दौरान लगे ‘चीटिंग’ के आरोपों को लेकर पहली बार खुलकर बात की है। यहीं नहीं उन्होंने टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली को लेकर भी एक बड़ा खुलासा किया है।
जब पहली बार विराट को रोते देखा
युजवेंद्र चहल ने पॉडकास्ट "फिगरिंग आउट विद राज शमनी" में विराट कोहली के इमोशनल मोमेंट को लेकर बड़ा खुलासा किया है। युजवेंद्र चहल ने बताया कि, 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार के बाद उन्होंने विराट कोहली को बाथरूम में रोते हुए देखा था। बता दें कि यह मैच मैनचेस्टर में खेला गया था, जहां टीम इंडिया को जीत के बेहद करीब आकर हार का सामना करना पड़ा था। 240 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को 18 रन से हार मिली थी। चहल इस मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। लेकिन टीम के कप्तान विराट कोहली को उन्होंने बेहद करीब से दर्द में देखा था।
बताया ये इमोशनल किस्सा
पॉडकास्ट में जब राज शमनी ने चहल से पूछा कि, क्या उन्होंने विराट को रोते हुए देखा है, तो चहल ने कहा कि उस मैच के बाद उन्होंने बाथरूम में विराट कोहली और बाकी कई खिलाड़ियों को रोते हुए देखा था। इसके साथ ही चहल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली की कप्तानी की तुलना करते हुए कहा, "मुझे रोहित भैया का मैदान पर बर्ताव बहुत पसंद है। वह बहुत शांत और समझदारी से कप्तानी करते हैं। वहीं विराट भैया हर दिन एक जैसी ऊर्जा के साथ आते हैं। उनकी एनर्जी कभी कम नहीं होती, बल्कि हर दिन और बढ़ती है।"
युजवेंद्र चहल ने 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की हार को याद करते हुए कहा, "मैंने विराट भैया को बाथरूम में रोते हुए देखा था। जब मैं आखिरी बल्लेबाज़ के तौर पर आउट हुआ और उन्हें क्रॉस कर रहा था, तब भी उनकी आंखों में आँसू थे। उस दिन मैंने लगभग सभी खिलाड़ियों को बाथरूम में रोते हुए देखा।" उस मैच में विराट कोहली अच्छी फॉर्म में थे, लेकिन सेमीफाइनल में ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर वह सिर्फ 1 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। चहल का टूर्नामेंट प्रदर्शन ठीक रहा था, लेकिन उसी मैच में वह भारत के सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 10 ओवर में 63 रन दिए और केन विलियमसन का एक विकेट लिया। चहल ने माना, "मैं और बेहतर कर सकता था।"
धोनी को लेकर भी कही ये बात
युजवेंद्र चहल ने 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल को याद करते हुए कहा कि उन्हें आज भी उस मैच में अपने प्रदर्शन का अफसोस है। उन्होंने इमोशनल होकर कहा, "वो माही भैया (महेंद्र सिंह धोनी) का आखिरी मैच था। मैं थोड़ा और अच्छा कर सकता था। मुझे आज भी लगता है कि अगर मैंने थोड़ा ज़्यादा मेहनत की होती, थोड़ी बेहतर गेंदबाजी की होती, तो 10-15 रन कम दे सकता था।" उन्होंने आगे कहा, "कभी-कभी मैच में सब कुछ इतनी तेजीसे होता है कि सोचने का मौका नहीं मिलता। अगर मैं थोड़ा शांत रहता, तो शायद और बेहतर कर पाता। मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में आपको 10-15% और ज़्यादा देना होता है।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।