अगले महीने भारत आएगी पाकिस्तान की टीम, एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में होगा आमना-समना

Asian Champions Trophy: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के मुकाबले पंजाब के जालंधर और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे

अपडेटेड Sep 14, 2026 पर 3:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही है

पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम अगले महीने भारत में होने वाली एएचएफ मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए भारत आएगी। 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह देशों की टीमें मैदान पर उतरेंगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, भारत सरकार की मौजूदा नीति के तहत भारत और पाकिस्तान की टीमें मल्टी नेशन्स इवेंट यानी कई देशों की भागीदारी वाले टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकती हैं। इसी नियम के तहत पाकिस्तान की हॉकी टीम को भी इस प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति मिली है।

कहां-कहां पर खेला जाएगा मुकाबला

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में कोई प्रॉब्लम नहीं है। हो सकता है कि इंडिविजुअल सीरीज (इंडिया और पाकिस्तान) न हो सकें।” पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मुकाबले जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए पूरी मदद देगी। यह राज्य में पहली बार होने वाला इस स्तर का टूर्नामेंट होगा।


कौन-कौन सी टीमें ले रही हिस्सा

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में कुल छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के मुकाबले पंजाब के जालंधर और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे। वहीं ओमान और बांग्लादेश को इस टूर्नामेंट के लिए रिजर्व टीमों में रखा गया है। अगर किसी कारण से कोई टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाती है, तो उसकी जगह ओमान या बांग्लादेश की टीम को खेलने का मौका मिल सकता है।

हर साल होता है टूर्नामेंट

एशियन हॉकी फेडरेशन की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट हर साल होता है। वहीं 2025 में इसका आयोजन नहीं हुआ था। इस बार भारत मौजूदा चैंपियन के तौर पर टूर्नामेंट में उतरेगा। भारत ने 2023 में चेन्नई और 2024 में चीन के हुलुनबुइर में खिताब जीतकर लगातार दो बार ट्रॉफी अपने नाम की थी।

मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत

भारत की मौजूदा खेल नीति के तहत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय यानी दो देशों के बीच होने वाली खेल सीरीज पर रोक है। यह नीति पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद और सख्त हुई थी, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। लेकिन, ओलंपिक चार्टर के नियमों को ध्यान में रखते हुए खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान किसी मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकते हैं। साथ ही, भारत में होने वाली ऐसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को हिस्सा लेने से भी नहीं रोका जाएगा।

भारत की खेल नीति के तहत पाकिस्तान की टीम को बहु-देशीय टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति है, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच तनाव का हवाला देते हुए तमिलनाडु में होने वाले 2025 जूनियर वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।