Saina Nehwal: बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप का हुआ तलाक, कपल ने 7 साल पहले की थी शादी

Saina Nehwal Divorce: बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप लगभग 7 साल की शादी के बाद अलग होने वाले हैं। हरियाणा की रहने वाली साइना ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन स्टार हैं। रविवार को इंस्टाग्राम पर साइना ने तलाक को लेकर एक निजी अपडेट शेयर किया जिसने खेल जगत को हैरान कर दिया है

अपडेटेड Jul 14, 2025 पर 8:13 AM
Story continues below Advertisement
Saina Nehwal Divorce: साइना नेहवाल और पूर्व शटलर कश्यप ने दिसंबर 2018 में शादी की थी

Saina Nehwal Divorce: भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप ने आपसी सहमति से अलग होने के फैसले की घोषणा की है। साइना ने इंस्टाग्राम पर एक बयान के जरिए तलाक लेने की आखिकारिक घोषणा की। साइना और पारुपल्ली लगभग 7 साल की शादी के बाद अलग होने वाले हैं। हरियाणा की रहने वाली साइना ओलिंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन स्टार हैं। रविवार को इंस्टाग्राम पर साइना ने एक निजी अपडेट शेयर किया जिसने खेल जगत को हैरान कर दिया है।

साइना ने ओलिंपिक कांस्य पदक और विश्व में नंबर 1 रैंकिंग के साथ एक वैश्विक हस्ती बन गईं। वहीं, कश्यप ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक और अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ अपनी अलग पहचान बनाई।

राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की चैंपियन साइना ने लिखा, "जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और इलाज का विकल्प चुन रहे हैं।"

उन्होंने लिखा, "मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद" बता दें कि साइना और पूर्व शटलर कश्यप ने दिसंबर 2018 में शादी की थी।

साइना बैडमिंटन स्टार तब बनीं जब वह 2008 बीजिंग ओलिंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं। चार साल बाद उन्होंने लंदन 2012 में कांस्य पदक जीतकर ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। 2015 में उन्होंने दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बनकर एक और उपलब्धि हासिल की


कश्यप ने भी कई उपलब्धियां हासिल कीं। 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद वह लंदन 2012 में ओलिंपिक क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर बने। 2014 में उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर 32 साल का इंतजार खत्म किया।

ये भी पढ़ें- पटना में वकील, तो सारण में टीचर की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे में चार हत्याओं से दहला बिहार, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

दोनों ने साल 2018 में आधिकारिक रूप से शादी कर ली। कपल ने 14 दिसंबर, 2018 को शादी की थी। दोनों 2007 से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, कपल 2005 से एक-दूसरे को जानते थे। अपने करियर के शुरुआती दिनों में दोनों हैदराबाद के पुलेला गोपीचंद एकेडमी में एक साथ ट्रेनिंग करते थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।