नेटफ्लिक्स ने पहली बार अपने एक ओरिजिनल टीवी शो में जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बने विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया है। कंपनी के को-सीईओ टेड सारंडोस (Ted Sarandos) ने बताया कि इस तकनीक का उपयोग अर्जेंटीना के साइंस फिक्शन शो "The Eternauts" में एक इमारत गिरने के सीन को बनाने में किया गया।
टेड सारंडोस के अनुसार, AI की मदद से प्रोडक्शन टीम ने इस सीक्वेंस को पारंपरिक तरीकों के मुकाबले दस गुना तेजी से और कम लागत में पूरा किया। उन्होंने कहा, इस बजट में यह सीन बनाना मुमकिन नहीं था। यह जनरेटिव AI से बना पहला फाइनल विजुअल फुटेज है जो नेटफ्लिक्स के किसी ओरिजिनल शो या फिल्म में दिखाई दिया है। क्रिएटर्स इस नतीजे से बेहद खुश हैं।"
AI का फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ता उपयोग और विवाद
जनरेटिव AI का इस्तेमाल हालांकि फिल्म इंडस्ट्री में विवादित विषय बना हुआ है। आलोचकों का कहना है कि यह तकनीक अक्सर दूसरों के काम का बिना अनुमति उपयोग करती है और इससे इंसानी नौकरियों पर खतरा बढ़ रहा है।
2023 में हॉलीवुड में हुई हड़ताल के दौरान AI को लेकर बड़े पैमाने पर आपत्ति जताई गई थी। अमेरिका की एक्टर्स यूनियन SAG-AFTRA (Screen Actors Guild–American Federation of Television and Radio Artists) ने इस तकनीक के इस्तेमाल पर कड़े नियमों की मांग की थी।
फिल्म प्रोड्यूसर टायलर पेरी ने भी 2024 में AI के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अटलांटा में अपने $800 मिलियन स्टूडियो के विस्तार की योजना को रोक दिया था।
नेटफ्लिक्स का शानदार प्रदर्शन
नेटफ्लिक्स ने अप्रैल से जून 2025 की तिमाही में 16% की ग्रोथ के साथ $11 बिलियन (लगभग ₹91,000 करोड़) का राजस्व दर्ज किया। कंपनी का मुनाफा $2.1 बिलियन से बढ़कर $3.1 बिलियन हो गया। इस शानदार प्रदर्शन में साउथ कोरियन थ्रिलर "Squid Game" के तीसरे और आखिरी सीजन की बड़ी भूमिका रही, जिसे अब तक 122 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।
सिंगापुर के एनीमेशन स्टूडियो CraveFX के को-फाउंडर डेवियर यून ने कहा कि नेटफ्लिक्स का यह कदम हैरानी की बात नहीं है, क्योंकि कई प्रमुख स्टूडियो अब AI को अपनाने लगे हैं। उन्होंने कहा, “AI जैसे टूल विजुअल इफेक्ट आर्टिस्ट्स के लिए सिर्फ एक नया विकल्प हैं। अंततः यह कलाकार ही तय करता है कि अंतिम इमेज में क्या दिखेगा, AI नहीं।”