ओपनएआई (OpenAI) के सीईओ सैम आल्टमैन (Sam Altman) का मानना है कि अभी जो लैपटॉप-कंप्यूटर इस्तेमाल हो रहे हैं, उनका दौर जा चुका है यानी कि अब ये कबाड़ हो चुके हैं। उन्होंने हाल ही में एआई की दुनिया में कंप्यूटिंग के भविष्य पर बोलते हुए एक पॉडकास्ट में ये बातें कही। ओपनएआई के सीईओ का कहना है कि अभी जो हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किए जा रहे हैं, वे एआई से पहले के दौर के हिसाब से डिजाइन किए गए थे। हालांकि अब एआई का दौर आ गया है तो आज के हिसाब से इनकी फिटनेस तेजी से कम होती जा रही है
क्या बदलाव आया है माहौल में अब?
ओपनएआई के सीईओ सैम आल्टमैन के हिसाब से मौजूदा कंप्यूटर, सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर एआई के पहले के दौर के हिसाब से डिजाइन किए गए थे। हालांकि अब दुनिया ऐसे डिवाइसेज की तरफ बढ़ रही है जो अधिक जागरुक, अधिक व्यक्तिगत और पर्यावरण को लेकर अधिक संवेदनशील सिस्टम हैं जिनका काम सिर्फ कंप्यूट करना नहीं बल्कि यूजर्स के आस-पास के माहौल, जरूरतों और व्यवहार को समझकर प्रतिक्रिया देना है। सैम आल्टमैन के मुताबिक स्मार्टफोन या लैपटॉप से परे अब पूरी तरह से नए प्रकार के इंटेलिजेंट डिवाइसेज का समय आ रहा है।
एक AI हार्डवेयर प्रोजेक्ट पर हो रहा काम
खास बात ये है कि सैम आल्टमैन एपल के डिजाइनर जोनी ईव (Jony Ive) के साथ मिलकर एक एआई हार्डवेयर प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट में सॉफ्टबैंक ने भारी-भरकम पैसा लगाया हुआ है। हालांकि इसके बारे में कोई खास जानकारी सार्वजनिक नहीं है लेकिन यह उम्मीद की जा रही है कि यह फिजिकल वर्ल्ड में एआई से संपर्क के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक जोनी और सैम के गुप्त स्टार्टअप के चीफ हार्डवेयर ऑफिसर और एपल के पूर्व एग्जीक्यूटिव Tang Tan ने कोर्ट में खुलासा किया था कि ओपनएआई का नया डिवाइस पहनने वाला या कान में लगाने वाला नहीं होगा। सैम ऑल्टमैन के शब्दों में कहें तो यह जेब में रखा जा सकेगा या मेज पर। इसके डिजाइन पर अभी काम चल रहा है और कम से कम एक साल तक तो इसके लॉन्च होने की उम्मीद तो नहीं है।