बारिश शुरू होते ही घूमने का प्लान लोग पहले अक्सर टाल देते थे, लेकिन अब मानसून का मौसम भी लोगों को ट्रैवल के लिए अट्रैक्ट करने लगा है। पहाड़ों की हरियाली, झरनों की रौनक, ठंडा मौसम और बारिश से बदला हुआ प्राकृतिक नजारा ट्रैवलर को खूब पसंद आ रहा है। भारतीय लोग अब मानसून में भी घूमने के लिए छोटी-छोटी ट्रिप्स प्लान कर रहे हैं।
अब घूमने का मतलब सिर्फ साल में एक लंबी छुट्टी लेना नहीं रह गया है। लोग अपने बिजी शेड्यूल के बीच वीकेंड ट्रिप और छोटे गेटअवे को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कम भीड़, कई जगहों पर बेहतर कीमत और प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका मानसून ट्रैवल को खास बना रहा है। ट्रैवलर की पसंद भी अब बदल रही है और वे ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं, जहां उन्हें सुकून के साथ कुछ नया एक्सपीरियंस करने का मौका मिले।
काम के साथ सफर का नया फॉर्मूला
हाइब्रिड वर्क और काम में मिलने वाली ज्यादा लचीलापन ने भी लोगों के घूमने का तरीका बदल दिया है। अब हर कोई साल की एक बड़ी छुट्टी का इंतजार नहीं करता, बल्कि समय मिलने पर छोटी ट्रिप प्लान कर लेता है। मानसून के वीकेंड में रोड ट्रिप, पहाड़ी जगहों पर स्टे, प्लांटेशन में रहना और नेचर के पास समय बिताना आसान हो जाता है। इससे पूरे साल अलग-अलग समय पर घूमने का मौका मिल रहा है। बारिश में ट्रैवल को और बढ़ावा देने के लिए सही मौसम की जानकारी और आसान बुकिंग जरूरी है। यदि ट्रैवलर को समय पर मौसम की अपडेट मिले और होटल या ट्रैवल बुकिंग में बदलाव या कैंसिलेशन की सुविधा हो, तो वे मानसून में घूमने के लिए ज्यादा आसानी से तैयार हो सकते हैं। ट्रैवल कंपनियां भी इस मौसम के लिए खास पैकेज तैयार कर सकती हैं।
मानसून अब सिर्फ घर में रहने या बारिश खत्म होने का इंतजार करने का मौसम नहीं रह गया है। भारतीय ट्रैवलर बारिश के दौरान मिलने वाली हरियाली, कम भीड़ और नेचर के खूबसूरत नजारों को पसंद कर रहे हैं। छोटी यात्राओं और नए एक्सपीरियंस का बढ़ता ट्रेंड मानसून को धीरे-धीरे एक अलग ट्रैवल सीजन बना रहा है।