Rajasthan Jungle Safari: राजस्थान में टाइगर सफारी का रोमांच, देखिए वो 5 जंगल जहां बाघों का है असली साम्राज्य!

Rajasthan Jungle Safari: राजस्थान में टाइगर सफारी का रोमांच देखने के लिए 5 जंगल सबसे बेहतरीन हैं। यहां बाघों के अलावा तेंदुआ, हिरण, भालू और सैकड़ों प्रजातियों के पक्षियों का प्राकृतिक संसार देखने को मिलता है, जो हर वाइल्डलाइफ और एडवेंचर लवर के लिए यादगार अनुभव साबित होता है।

अपडेटेड Aug 20, 2025 पर 3:14 PM

राजस्थान को लोग शाही महलों, रंग-बिरंगे मेले, और सुनहरी रेत के लिए जानते हैं, लेकिन यहां के जंगलों में छुपा है असली वाइल्ड एडवेंचर वो है टाइगर सफारी। इस राज्य के नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व हर साल हजारों टाइगर लवर्स को लुभाते हैं, क्योंकि यहां बाघों को उनके असली घर में, बिल्कुल करीब से देखने का मौका मिलता है। अगर आप भी रोमांच और प्रकृति से प्यार करते हैं, तो राजस्थान के ये 5 वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होने चाहिए।

1. रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान

सवाई माधोपुर जिले में फैला रणथंभौर नेशनल पार्क लगभग 1,334 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में बसा है और इसे बाघों की सबसे घनी आबादी वाले रिजर्व के तौर पर भी जाना जाता है। यहां 60 से अधिक टाइगर, तेंदुआ, भालू, मगरमच्छ और 300+ पक्षियों की प्रजातियां मिलती हैं। खास बात यह है कि सफारी के दौरान आपको ऐतिहासिक रणथंभौर किला भी दिखता है, जिससे ट्रिप ऐतिहासिक और रोमांचक दोनों हो जाती है। रणथंभौर अक्टूबर से जून तक टाइगर स्पॉटिंग के लिए बेस्ट है।

2. सरिस्का टाइगर रिजर्व


अलवर जिले के अरावली पहाड़ों में स्थित सरिस्का 1955 में बना वन्यजीव अभयारण्य था, और 1978 में टाइगर रिजर्व बना। एक समय बाघ यहां खत्म हो चुके थे, लेकिन फिर बाघ संरक्षण के प्रयासों से आज यहां रोमांच और हरियाली दोनों लौटी है। तेंदुआ, लकड़बग्घा, सांभर, सियार समेत सैंकड़ों जानवर और पक्षी यहां देखे जा सकते हैं। नवंबर से अप्रैल तक का समय ट्रिप के लिए आदर्श है।

3. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व

कोटा के पास स्थित मुकुंदरा हिल्स हिमालय जैसी हरियाली और शांत माहौल के लिए फेमस है। यह तीन अभ्यारण्यों दर्रा, चंबल और जवाहर सागर का संयुक्त रूप है। यहां बाघों की संख्या कम जरूर है, लेकिन तेंदुआ, वुल्फ और सैकड़ों पक्षियों के साथ-साथ प्रकृति की खूबसूरती का अनूठा अनुभव मिलता है। मौसम सुहावना हो तो दिसंबर से मार्च के बीच यात्रा करें।

4. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व

बूंदी जिले में स्थित और 2022 में घोषित रामगढ़ विषधारी राजस्थान का सबसे नया टाइगर रिजर्व है। यह रणथंभौर और मुकुंदरा के बीच प्राकृतिक वन्य गलियारे जैसा है। यहां आप बाघ से लेकर हिरण, जंगली सूअर और प्रवासी पक्षियों का आनंद ले सकते हैं। इसकी खासियत है कम भीड़ और प्राकृतिक सौंदर्य, जो इसे ट्रू ऑफबीट डेस्टिनेशन बनाता है।

5. कैलादेवी अभयारण्य

करीब 674 वर्ग किमी में फैला कैलादेवी करौली जिले में है, और यह रणथंभौर के पास ही स्थित है। यह रिजर्व अपनी पहाड़ियों और खाइयों के लिए जाना जाता है। यहां की भीड़ काफी कम है, जिससे सुकून और नेचर का असली अनुभव मिलता है। यहां लकड़बग्घा, भेड़िया, तेंदुआ और हिरणों की कई प्रजातियां हैं। बेस्ट टाइम नवंबर से मार्च माना जाता है।

यात्रा का सही समय और अनुभव

राजस्थान के Tiger Safari डेस्टिनेशन अक्टूबर से मार्च/अप्रैल तक सबसे ज्यादा जीवंत होते हैं, जब मौसम खुशनुमा और जानवर ज्यादा एक्टिव होते हैं। टाइगर स्पॉटिंग के अलावा, यहां के जंगलों में ऐतिहासिक किलों के खंडहर, नदी, पहाड़ और जीव-जन्तुओं की बहुलता हर तरह के एडवेंचर लवर्स को आकर्षित करती है।

राजस्थान के जंगल सिर्फ बाघ ही नहीं, बल्कि देशी-विदेशी टूरिस्ट्स के रोमांच, रिसर्च और नेचर लव के लिए बेस्ट जगह हैं। शाही महलों की छांव में बसी इन वाइल्डलाइफ रिट्रीट्स को अनुभव करना किसी यादगार सफर से कम नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।