कल्पना कीजिए, जिस शख्स के पास करोड़ों की संपत्ति हो, सुरक्षा और तमाम सुविधाएं हों, वही एक दिन अचानक अपना आलीशान जीवन छोड़कर सड़क पर खड़ा हो जाए और लोगों से भीख मांगे। महाराष्ट्र में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां राज्य के सबसे अमीर विधायकों में शामिल पराग शाह ने एक दिन के लिए भिखारी का जीवन जीने का फैसला किया। उनका यह अनोखा प्रयोग अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
पराग शाह घाटकोपर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उनकी संपत्ति 3400 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है। आमतौर पर उन्हें सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियों के बीच देखा जाता है, लेकिन इस बार उनका अंदाज बिल्कुल अलग था। उन्होंने मेकअप के जरिए अपना हुलिया बदला और भिखारी का रूप धारण कर लिया। इसके बाद वे आम लोगों के बीच सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचे। बदले हुए रूप में उन्हें देखकर कई लोग पहचान नहीं सके कि उनके सामने खड़ा व्यक्ति महाराष्ट्र का एक चर्चित और बेहद अमीर विधायक है।
गुरु की सलाह पर लिया अनोखा अनुभव
बताया जाता है कि यह पूरा प्रयोग जैन धर्म के चातुर्मास के दौरान उनके गुरु नम्रमुनि की सलाह पर किया गया। गुरु ने उन्हें भिखारी के जीवन और उसकी परिस्थितियों को करीब से समझने के लिए एक दिन उस जीवन को अनुभव करने की सलाह दी थी। इसी सलाह के बाद शाह ने अपनी सामान्य सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था से अलग होकर सड़क पर आम व्यक्ति की तरह समय बिताया। उन्होंने लोगों से भिक्षा मांगी और उसी के जरिए भोजन करने का अनुभव भी लिया।
जब लोगों को पता चला कौन है सामने
इस पूरे अनुभव का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब सामने आया, जब पराग शाह ने बाद में कुछ जगहों पर दोबारा जाकर लोगों से बातचीत की और अपना असली परिचय बताया। जिन लोगों ने उन्हें कुछ समय पहले एक भिखारी के रूप में देखा था, उनके लिए यह जानना हैरान करने वाला था कि वह व्यक्ति कोई साधारण भिखारी नहीं, बल्कि करोड़ों की संपत्ति वाला विधायक है। इस अनुभव के जरिए शाह ने सड़क पर रहने वाले और दूसरों पर निर्भर लोगों की जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखने की कोशिश की।